मेडिकल में फूंकी शासन के पत्र की प्रतियां

Shekhar Sharma
4 Min Read

30वें दिन भी जारी रहा राजकीय नर्सेज संघ का ऐतिहासिक आंदोलन, पूरे प्रदेश में फूंकी शासन के पत्र की प्रतियां

लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में इन दिनों भारी उबाल देखा जा रहा है। अपनी न्यायसंगत और लंबे समय से लंबित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आज, 7 नवंबर को पूरे प्रदेश में ‘काला दिवस’ मनाया गया। आंदोलनरत नर्सेज ने विरोध स्वरूप शासन के समझौता पत्र की प्रतियां जलाईं और काली पट्टी बांधकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। श्रीमती शर्ली भंडारी (प्रदेश अध्यक्ष) और पवन कुमार मिश्रा (मंडल अध्यक्ष) के सशक्त नेतृत्व में चल रहा यह शांतिपूर्ण आंदोलन आज ऐतिहासिक 30वें दिन में प्रवेश कर चुका है।

फूंक डाला समझौता पत्र

प्रदेश के सभी जनपदों के जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आज सुबह से ही नर्सेज काली पट्टी बांधकर ड्यूटी पर तैनात रहीं। आंदोलन के 30वें दिन नर्सेज का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने पूरे प्रदेश में शासन द्वारा पूर्व में दिए गए समझौता पत्र की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया। नर्सेज का कहना है कि शासन केवल कागजी समझौते करता है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू करने की उसकी कोई मंशा नहीं है। गौरतलब है कि नर्सिंग संवर्ग का यह शांतिपूर्ण आंदोलन बीती 9 अक्टूबर 2026 से निरंतर चल रहा है। आंदोलन के क्रमबद्ध चरणों की यदि बात की जाए तो 21 अक्टूबर से प्रतिदिन 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जा रहा है, जिससे अस्पतालों की ओपीडी और सामान्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। 22 अक्टूबर को प्रदेश भर की नर्सेज ने एकजुट होकर स्वास्थ्य भवन, लखनऊ का ऐतिहासिक घेराव किया था, जिसने शासन की नींद उड़ा दी थी।

ब्रजेश पाठक के 1 साल पुराने आश्वासन पर उठे सवाल

आंदोलनकारियों का सबसे बड़ा सवाल देश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व माननीय उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी पर है। नर्सेज संघ के पदाधिकारियों ने याद दिलाया कि ठीक 1 वर्ष पूर्व स्वयं उप मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद शासन स्तर पर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में 5 प्रमुख मांगों पर पूर्ण सहमति भी बन गई थी, लेकिन आज तक उस सहमति का शासनादेश (GO) जारी नहीं किया गया। संघ ने साफ कर दिया है कि अब वे किसी खोखले आश्वासन पर नहीं मानेंगे, उन्हें केवल शासनादेश चाहिए।

नर्सेज संवर्ग संघ की प्रमुख मांगें

नर्सेज की उनके गृह जनपद में तैनाती सुनिश्चित की जाए।, लंबे समय से अटकी पदोन्नति (प्रमोशन) की प्रक्रिया को तुरंत बहाल किया जाए।, महिला नर्सेज के बच्चों के लिए अस्पतालों में पालनाघर (क्रेश) की व्यवस्था हो। उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए सवैतनिक अध्ययन अवकाश दिया जाए। मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किए गए जिला अस्पतालों में कार्य कर रहे नर्सिंग संवर्ग के हितों की पूर्ण रक्षा हो। केंद्र सरकार के नर्सेज के समान ही राज्य की नर्सेज को भी समान भत्ते दिए जाएं।

शर्ली भंडारी के पीछे एकजुट प्रदेश का नर्सिंग स्टाफ

इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत इसकी एकजुटता बनी हुई है। प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती शर्ली भंडारी के एक आह्वान पर पूरे उत्तर प्रदेश की नर्सेज इस ऐतिहासिक आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। मंडल अध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा समेत सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चेताया है कि यदि शासन ने हठधर्मिता नहीं छोड़ी और जल्द ही शासनादेश जारी नहीं किए, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।




Share This Article