PET-2026 परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं होटल व्यवसायी : विपुल सिंघल
मेरठ। जिलाधिकारी कार्यालय, मेरठ द्वारा जारी आदेश के क्रम में मेरठ होटलियर एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल ने जूम एप के माध्यम से होटल व्यवसायियों के साथ बैठक कर उन्हें प्रशासन के निर्देशों से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 25 व 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को जनपद के 48 परीक्षा केंद्रों पर PET-2026 की लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिदिन लगभग 22 हजार परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। दूसरे जनपदों से आने वाले परीक्षार्थियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था के लिए प्रशासन ने होटल, गेस्ट हाउस एवं अतिथि गृह संचालकों को उचित किराया लेने, अतिरिक्त अनुचित शुल्क न वसूलने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
परिवार के सदस्य जैसा व्यवहार करें
विपुल सिंघल ने सभी होटल व्यवसायियों से अपील की कि वे इन दिनों मेरठ आने वाले प्रत्येक परीक्षार्थी एवं आगंतुक के साथ अपने परिवार के सदस्य जैसा व्यवहार करें। किसी को भी ठहरने, खाने-पीने या अन्य आवश्यक सुविधाओं में परेशानी न हो और किसी से निर्धारित एवं उचित दरों से अधिक शुल्क न लिया जाए। मेरठ मंडप एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा अनुभव होना चाहिए कि मेरठ उसका अपना शहर है। सभी होटल व्यवसायी विनम्रता, सहयोग एवं उत्कृष्ट आतिथ्य के साथ परीक्षार्थियों का स्वागत करें, जिससे मेरठ की अच्छी छवि पूरे प्रदेश में बने। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करना सभी होटल व्यवसायियों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की शिकायत या अनियमितता से बचते हुए स्वच्छता, उचित दरों और बेहतर सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


