आरक्षण को लेकर किया वादा पूरा करें पीएम मोदी

Shekhar Sharma
5 Min Read

वेस्ट यूपी में गरमाया जाट आरक्षण का मुद्दा, चौधरी यशपाल सिंह और संजीव तोमर ने कहा कि अब आ गया है हक लेने का समय

नई दिल्ली। भारतीय अखिल जाट आरक्षण संघर्ष समिति के वरिष्ठ उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष और पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी चौधरी यशपाल सिंह और मेरठ जिला अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि अब समय आ गया है कि अपना हक और अपना अधिकार लेकर रहेंगे और जल्द ही मेरठ में एक बहुत बड़ी महासभा का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित जाट महासम्मेलन में बोलते हुए समिति के राष्ट्रीय संयोजक यशपाल मलिक ने कहा कि जाट समाज को वर्ष 2000 में तत्कालीन बीजेपी के माननीय मुख्यमंत्री स्व. रामप्रकाश गुप्ता द्वारा प्रदेश की ओबीसी सूची में शामिल किया गया था। इसके उपरान्त अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा वर्ष 2006 से 2014 तक जाट समाज के अन्य संगठनों का सहयोग लेकर एक राष्ट्रव्यापी आन्दोलन चला, जिसमें खरड़, मेरठ और रामलीला मैदान में बड़ी रैलियाँ और 2010 में दिल्ली का पानी रोकना, • कॉमनवेल्थ गेम से पहले उसके कार्यालय पर प्रदर्शन और 2011 में राष्ट्रव्यापी रेल रोको आन्दोलन के बाद निरन्तर धरने प्रदर्शन के साथ-साथ देश के 13 राज्यों में जाट संकल्प यात्रा की शुरुआत के बाद मार्च 2014 में चुनाव से पहले केन्द्रीय स्तर पर 9 राज्यों के जाटों को शामिल किया। मार्च 2015 में कुछ कमियों के चलते उच्चतम न्यायालय द्वारा जाट आरक्षण की अधिसूचना को रद कर दिया था। इसके तुरन्त बाद 26 मार्च 2015 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जाट समाज के सामाजिक संगठनों द्वारा व राजनीतिक नेताओं के सामने कानून बनाकर जाट आरक्षण देने का वायदा किया था।

संघर्ष सभी धर्मों के जाटों के लिये

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप दाहिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जाटों ने ही राष्ट्रीय संयोजक यशपाल मलिक के नेतृत्व में पूरे जाट समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागृत कर राष्ट्रव्यापी आन्दोलन कर जाट आरक्षण दिलाने का कार्य किया था। इस अवसर समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी अलमास चौधरी ने कहा कि यह संघर्ष सभी धर्मों के जाटों के लिये है। यह आरक्षण हिन्दू मुस्लिम, सिख धर्म व बिश्नोई जाट इसका लाभ उत्तर प्रदेश में ले रहे हैं। अब केन्द्रीय स्तर पर जाट आरक्षण लेने के लिये मुस्लिम जाट पहले की तरह ही हर संघर्ष में कन्धे से कन्धा मिलाकर साथ रहेंगे। समिति के प्रदेश अध्यक्ष जगतवीर सिरोही ने कहा उत्तर प्रदेश में 25 अक्टूबर 2026 को बुलन्दशहर के नुमाइश मैदान में जाट सम्मेलन होना था जिसकी आज्ञा चुनाव के चलते नहीं हुई इसलिए इस सम्मेलन को बन्द हॉल में आयोजित किया जा रहा है ताकी प्रेस के माध्यम से सरकार द्वारा किया वादा याद दिलाया जा सके। नवम्बर के अन्तिम सप्ताह में मथुरा और दिसम्बर में बिजनौर में सम्मेलन आयोजित होंगे। आज के सम्मेलन में सम्मेलन में विस्तृत जाट आरक्षण के लिये योजना घोषित होगी।

बार-बार वायदा किया

समिति के महासचिव वीरपाल राणा ने बताया कि बहुत लम्बे समय से जाट आरक्षण आन्दोलन में शिथिलता इसलिए आ गयी थी क्योंकि सरकार द्वारा बार-बार वायदा किया गया था। अब संगठन का विस्तार कर विस्तृत रणनीति तैयार की जायेगी। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में संगठन का पुनर्गठन किया जायेगा। इस अवसर पर बुलन्दशहर, हापुड़, बदांयू, अलीगढ़ व गौतमबुद्ध नगर के सभी संघर्ष के साथी व जिलों के अध्यक्ष न जाट के उत्थान के लिए संघर्षरत सभी संगठन व सभी समाज के लोगों ने एक जुट होकर आरक्षण मिलने तक साथ रहने का वादा किया। महासम्मेलन की महत्वपूर्ण बात यह रही कि इसमें ठाकुर, ब्राहमण, वैश्य, लोध राजपूत, गूजर, जाटव न मुस्लिम समाज के सभी प्रमुख लोग साथ रहें।

TAGGED:
Share This Article