5 नामों के एलान से कर दिए मंसूबे जाहिर

Shekhar Sharma
4 Min Read

चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा ओर कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी

लखनऊ/नई दिल्ली। यूपी के विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा ओर कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। इन दोनों के बीच बात 26 सीटों के फॉर्मूले और 55 सीटों की मांग के बीच मंथन पर अटकी हुई है। हालांकि गठबंधन की बातचीत के बीच ही समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इनमें सहारनपुर जिले की दो, शामली की एक, अमरोहा की एक और ललितपुर की एक सीट शामिल है। सपा के इस कदम को गठबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। पांच सीटों के एलान को समाजवादी पार्टी के यूपी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे के सवाल पर मंसूबों को जाहिर करना माना जा रहा है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रहा गतिरोध थमता नज़र नहीं आ रहा है। सीटों की कुल संख्या, मजबूत सीटों पर दावेदारी, संगठनात्मक स्थिति और पिछले चुनावों के प्रदर्शन को लेकर दोनों सहयोगी दलों के बीच मतभेद बने हुए हैं। बीते सोमवार को दोनों दलों के बीच हुई शुरुआती चर्चा में कांग्रेस को 26 सीटें देने के फॉर्मूले पर बात सामने आई थी। मंगलवार देर शाम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इसका ज़िक्र करते हुए लिखा, “जीतने वाली पहली ’26 सीटों’ से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।” इसके कुछ ही देर बाद अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे पर उठ रहे सवालों को लेकर एक और विस्तृत पोस्ट साझा किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए संदेश दिया कि गठबंधन में “बात सीट की नहीं, जीत की है।”

सपा के पांच उम्मीदवार–कांग्रेस की 55 ‘ए’ कैटेगरी सीटों की मांग

गठबंधन की बातचीत के बीच ही समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड की पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इनमें सहारनपुर जिले की दो, शामली की एक, अमरोहा की एक और ललितपुर की एक सीट शामिल है। सपा के इस कदम को गठबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। पांच सीटों के एलान को समाजवादी पार्टी के यूपी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे के सवाल पर मंसूबों को जाहिर करना माना जा रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस खेमा 26 सीटों के शुरुआती प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं है और अधिक सीटों की मांग कर रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन रावत के अनुसार, पार्टी ने पहली ही बैठक में अपनी प्राथमिकता वाली ‘ए’ कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सपा नेतृत्व को सौंप दी है।

दिल्ली में बैठकों का दौर जारी

गतिरोध को सुलझाने के लिए दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इसी क्रम में अंतिम सहमति बनाने के लिए आज बुधवार, 25 नवंबर को भी एक महत्वपूर्ण बैठक हुई है, जिस पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों की नज़रें टिकी हैं। हालांकि इसका ब्योरा अभी नहीं मिला है।


Share This Article