लेडीज हेल्थ एंड वेलनेस वॉकथन 2026

Shekhar Sharma
3 Min Read

कैंट स्थित आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज भारतीय सेना का भव्य आयोजन

मेरठ। आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज भारतीय सेना कैंट में आज स्वास्थ्य, समानता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लेडीज हेल्थ एंड वेलनेस वॉकथन २०२६ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वीरीना फाउंडेशन के सहयोग से किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुश्री सोनिका वर्मा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ द्वारा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर एफडब्लूओ आरवीसी सैंटर एंड कालेज की चेयरपर्सन श्रीमती (डॉ.) वैशाली मदरवाल भी मौजूद रहीं। इस वॉकथॉन में कुल 122 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता, सामाजिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए विभिन्न संवादात्मक खेल एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त योग के प्रति जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योगासन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

महिलाओ की जागरूकता पर बल

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुश्री सोनिका वर्मा ने व्याख्यान में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकारों, विधिक जागरूकता एवं समाज में समान अवसरों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में धीरेन्द्र, संस्थापक, वीरीना फाउंडेशन का विशेष योगदान एवं सहयोग रहा। उनके सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाया गया, जिसमें जेल में निरुद्ध महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इनमें सजावटी गमले, कपड़े के थैले एवं अन्य उपयोगी हस्तनिर्मित वस्तुएँ शामिल थीं। इस पहल के माध्यम से महिला बंदियों के कौशल, रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, समानता, न्याय एवं सशक्तिकरण की भावना को प्रोत्साहित करना था। यह आयोजन स्वस्थ नारी, सशक्त नारी एवं सशक्त समाज के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

Share This Article