पावर अफसरों को लोकेश अग्रवाल ने दिखाई पावर

Shekhar Sharma
4 Min Read

बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल, पुतला दहन कर जताया रोष, दिया ज्ञापन

मेरठ। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के नेतृत्व मे पीवीवीएनएल अफसरों की कार्यप्रणाली से नाराज व्यापारियों ने ऊर्जा भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। पुतला दहन के बाद ज्ञापन दिया गया। व्यापारियों ने कहा कि बिजली मीटर लगाने और जांच के नाम पर उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों एवं संबंधित निजी एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। प्रान्तीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंध निदेशक, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रबंध निदेशक की अनुपस्थिति में ज्ञापन चीफ इंजीनियर प्रथम एवं चीफ इंजीनियर द्वितीय को दिया गया।

ये हैं मांगें

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि मीटर लगाए जाने के समय ही उपभोक्ता को सीलिंग सर्टिफिकेट उपलब्ध कराया जाए। सीलिंग सर्टिफिकेट में लैब का नाम, लैब का स्थान, मीटर की जांच की तारीख एवं समय सहित आवश्यक विवरण दर्ज किए जाएं। उतारे गए मीटर की जांच उपभोक्ता की उपस्थिति में कराई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। संगठन ने यह भी मांग की कि विद्युत प्रत्याय संहिता-2005 के नियमों का पालन न करने वाले विद्युत कर्मचारियों, एजेंसियों के कर्मचारियों एवं संविदाकर्मियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा-142 के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए शिकायत रजिस्टर रखने तथा शिकायत दर्ज करते समय उपभोक्ता को शिकायत संख्या सहित रसीद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में बिजली विभाग द्वारा बिना उचित कारण रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने कहा कि जिन मामलों में उपभोक्ता द्वारा बकाया धनराशि जमा की जा चुकी है, उनमें भी नोटिस जारी किए जाने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए ऐसे सभी मामलों की निष्पक्ष जांच के बाद ही कोई रिकवरी अथवा धारा-3 का नोटिस जारी किया जाए।

यह बोले लोकेश अग्रवाल

इस अवसर पर लोकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि बिजली विभाग की व्यवस्था उपभोक्ता हितों के अनुरूप होनी चाहिए। मीटर लगाने, जांच करने और रिकवरी की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उपभोक्ता किसी भी प्रकार के उत्पीड़न तथा कथित अवैध वसूली के खिलाफ एकजुट हैं। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होगा।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में राजकुमार त्यागी, अतुल त्यागी, नईम खान, वसीम गाजी, मुकेश कुमार, मैहुल जैन, सुनील गुप्ता, मनी बंसल, महबूब, ब्रह्मपाल, सरफराज, गौरव गोयल, मनोज बंसल, जेपी गुप्ता एवं राजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article