ढाई करोड़ में बनी ढाई महीने नहीं चली

Shekhar Sharma
6 Min Read

भाजपा नेता के बुलावे पर महापौर व नगर निगम चीफ व निर्माण का पूरा अमला पहुंचा मौके पर मुआयना करने को

तीन महिने में ही उखड़ गई रोहटा खड़ौली मार्ग की ढाई करोड़ की लागत से बनायी गयी सड़क, सड़क की हालत देखकर पकड़ लिया सिर

मेरठ। ढाई करोड़ की लागत से तैयार की गयी रोहटा खड़ौली सीमेंट की सड़क महज तीन माह में ही उखड़ कई और अभी बरसात आनी बाकि है। बारिश के बाद ढाई करोड़ी इस सड़क का क्या हाल होना इसका अंदाजा भी आसानी से लगाया जा सकता है। नगर निगम के चीफ प्रमोद सिसौदिया ने जब सड़क की हालात देखी तो अचानक उनके मुंह से निकला ये क्या है। क्या ऐसी ही बनती है सड़क। नगर निगम से केवल चीफ ही नहीं बल्कि निर्माण विभाग का पूरा अमला मसलन एई और जेई के अलावा अन्य स्टाफ भी चीफ के साथ मौके पर मुआयना करने को पहुंचा था। चीफ ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने की बात कही है साथ ही उसको तलब भी कर लिया है। उसका पेमेंट भी रोक दिया गया है।

दुष्यंत रोहटा के बुलावे पर थे पहुंचे महापौर व चीफ

सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा नेता दुष्यंत राेहटा के बुलावे पर नगर निगम से चीफ प्रमोद सिसौदिया और महापौर हरिकांत अहलूवालिया, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता निर्माण विभाग एसपी सिंह , नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमर सिंह , अस्सिटेंट इंजीनियर शिशिर चंद , जूनियर इंजीनियर सचिन कुमार , और अन्य निगम के अधिकारी सड़क एवं नालों का निरीक्षण करने पहुंचे जैसे ही सड़क की हालत को महापौर हरिकांत अहलूवालिया और चीफ इंजीनियर निर्माण विभाग ने देखा तो सपाक से बोले अरे यह क्या सड़क बनाई है। दुष्यंत रोहटा ने बताया कि जिस तरह से यह सड़क ठेकेदार बनवा रहा था उसकी वह लगातार शिकायत कर रहे थे। उन्होंने जानकारी दी कि उनकी शिकायतों के आधार पर ही ठेकेदार को निगम ने कई नोटिस भी भेजे। उसका अभी पेमेंट भी नहीं हुआ है। और सड़क की हालात देखकर अब उसका पेमेंट होने के कोई आसार भी नहीं हैं। वहीं दूसरी ओर जब महापौर और नगर निगम चीफ का अमला यहां पहुंचा और गाड़ियों से उतारकर दुष्यंत राेहटा उन्हें पैदल ही तीन माह पहले बनी इस रोड को दिखाने के लिए साथ लेकर गए तो सड़क की हालात देखकर निगम चीफ ने माथा पकड़ लिया। उन्होंने एई और जेई की ओर मुखातिब होकर सवाल किया कि क्या इसी तरह से रोड बनायी जाती है। यह रोड है या कुछ और। दुष्यंत रोहटा ने उन्हें दिखाया कि तीन माह पहले बनी सड़क की रोडियां किस तरह से बाहर निकल आयी हैं। लगता है कि ठेकेदार रेत में सीमेंट मिलवाना भूल गया और सीमेंट की यह सड़क केवल रोडी और डस्ट व रेत से ही बना दी गयी है। निगम के अमले ने पूरी रोड का निरीक्षण किया और माना कि इसमें भारी खामियां हैं। तकनीकि आधार पर चीफ ने एक सिरे से इस सड़क को रिजेक्ट कर दिया।

दोबारा बनेगी सड़क

महापौर हरिकांत अहलूवालिया और चीफ इंजीनियर निर्माण विभाग ने कहा कि सड़क का निर्माण दोबारा कराया जाएगा। मौके पर उपस्थित समाजसेवी दुष्यंत रोहटा ने बताया कि पिछले वर्ष महापौर हरिकांत अहलूवालिया और निगम के अधिकारियों को बुलाकर सड़क की हालत दिखाई गई थी। उसके बाद सड़क निर्माण और नाला निर्माण के लिए लगभग ढाई करोड रुपए का प्रस्ताव पास हुआ लेकिन ठेकेदार द्वारा घोर अनियमितताएं और मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य नहीं कराया गया। दुष्यंत रोहटा ने महापौर से कहा कहा कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण और नर निर्माण में घोर लापरवाही की गई है। सड़क निर्माण और नाला निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। जनता के पैसे का ठेकेदारों द्वारा दुरुपयोग करना चिंता का विषय है। ठेकेदार के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही होनी चाहिए और कहा कि सड़क का निर्माण दोबारा होना बेहद जरूरी है नहीं तो आने वाली बरसात में यह सड़क जर्जर हो जाएगी और क्षेत्र के लोगों के लिए जंजाल बन जाएगी।

रास्तों का किया निरीक्षण

तीन माह पहले बनी रोड के देखने के बाद महापौर व चीफ और निगम के सभी अधिकारी गोकुल बिहार में रास्तों का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां उपस्थित कॉलोनी वासियों ने महापौर के सामने कुछ विकास कार्यों की मांग उठाई। महापौर व चीफ निगम के अधिकारियों को लेकर वार्ड 25 में सैनिक विहार कॉलोनी पहुंचे। जहां पूर्व पार्षद ऋषिपाल सिंह ने तालाब के पास नाला निर्माण और सड़क निर्माण की बात प्रमुखता से रखी, जिस पर महापौर ने अधिकारियों को निरीक्षण हुए सभी कार्यों को त्वरित प्रस्ताव बनाकर कार्य शुरू कराने की बात कही और क्षेत्र वासियों को आश्वासन दिया कि खड़ौली सड़क निर्माण दोबारा कराया जाएगा और निरीक्षण हुए सभी कार्यों को जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया ।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर पूर्व पार्षद ऋषिपाल सिंह, नरेंद्र पतला , देवेंद्र फौजी , अजब सिंह , बाबू राम , देशराज सिंह , जयवीर सिंह , सुरेन्द्र , जयप्रकाश , रणबीर यादव , संजीव राठी , शालू राठी , संजय सहारण , महिपाल फौजी , सतेंद्र सहरावत आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article