ऋषभ में वीर सैनिकों को बांधी राखी

Shekhar Sharma
3 Min Read

रक्षाबंधन पर ऋषभ एकेडमी में ‘हमारे वीर सैनिकों के लिए राखी’ गतिविधि का आयोजन

मेरठ। छावनी के मंदिर मार्ग स्थित शहर के प्रतिष्ठित ऋषभ एकेडमी में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कक्षा से XII तक के विद्यार्थियों के लिए “हमारे वीर सैनिकों के लिए राखी गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस गतिविधि का उद्देश्य देश की सीमाओं पर अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में सदैव तत्पर रहने वाले वीर सैनिकों के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना था। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सुंदर, आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल राखियाँ तैयार कीं। विभिन्न रंगों एवं सजावटी सामग्रियों से बनाई गई इन राखियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति अपने स्नेह, सम्मान एवं आभार की भावनाएँ व्यक्त कीं।

पीएसी जवानों को बांधी राखी

इस अवसर पर ऋषभ एकेडमी के विद्यार्थियों ने PAC के वीर जवानों को राखी बाँधी तथा उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। जवानों ने भी विद्यार्थियों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें अपना प्यार, स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। विद्यार्थियों और जवानों के बीच यह आत्मीय मिलन राष्ट्र की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान एवं भाईचारे की भावना का सुंदर उदाहरण बना। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग, पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि रक्षाबंधन का पवित्र बंधन केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद जैन, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर ने सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा इस प्रेरणादायी गतिविधि में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।

TAGGED:
Share This Article