रैपिड में लगातार बढ़ रही संख्या

Shekhar Sharma
4 Min Read

सवा लाख से अधिक यात्रियों के साथ रचा सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप का नया रिकॉर्ड, रैपिड रेल में में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या

मेरठ/ दिल्ली-गाजि़याबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक की सबसे अधिक दैनिक राइडरशिप रिकॉर्ड की गई। लगभग 125500 यात्रियों के साथ यह संपूर्ण कॉरिडोर पर एक दिन में अब तक दर्ज की गई यात्रियों की सबसे अधिक संख्या है। आम दिनों में, औसतन लगभग 1 लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। यह उपलब्धि एनसीआर में लोगों के यात्रा करने के तरीके में आ रहे बड़े बदलाव को दर्शाती है, जहाँ यात्री अब तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन के रूप में नमो भारत को चुन रहे हैं।

राइट टाइम बना पहली पंसद

नमो भारत द्वारा यात्रा समय में होने वाली उल्लेखनीय कमी इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमुख कारण है। रोज़ाना कार्यालय आने-जाने वाले, विद्यार्थी तथा अन्य नियमित यात्री, जिनके लिए समय पर पहुँचना और विश्वसनीयता एक आवश्यकता है, अपनी दैनिक यात्रा के लिए नमो भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं। ट्रेनों के संचालन में लगभग 99′ समयबद्धता के कारण यात्री अपने गंतव्य तक समय पर पहुँचने के लिए इस प्रणाली पर भरोसा कर पा रहे हैं और उन्हें सड़कों पर लगने वाले जाम तथा यात्रा की अनिश्चितता से राहत भी मिल रही है।

इन स्टेशनों पर भारी भीड़

दिल्ली में सराय काले खाँ, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार तथा उत्तर प्रदेश में गाजि़याबाद और बेगमपुल कॉरिडोर पर सबसे व्यस्त स्टेशनों की सूची में लगातार बने हुए हैं। यह सभी स्टेशन सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों जिनमें मेट्रो, भारतीय रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बसें शामिल हैं, के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं। ये स्टेशन सम्मिलित रूप से कॉरिडोर की कुल राइडरशिप में लगभग 40 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहे हैं।

४५ पर पारा और एसी में सफर

दिल्ली-एनसीआर में वर्तमान में 40-45 डिग्री सेल्शियस की भीषण गर्मी के बीच पूर्णत: वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव भी प्रदान कर रही हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच यह प्रणाली न केवल एक किफायती विकल्प के रूप में उभर रही है, बल्कि निजी वाहनों के स्थान पर अधिक कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित कर रही है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में दिल्ली-गाजि़याबाद-मेरठ कॉरिडोर पर पीक आवर्स के दौरान 18 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं। सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा शाम 5:00 बजे से 8:30 बजे तक सराय काले खाँ से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच ये अतिरिक्त सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील की गई थी और यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article