हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित हो, चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जाँच हो: अनंत दहिया
मेरठ। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आज मेरठ में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर अनंत दहिया ने बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है। मतदाता सूची में नामों को जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी नागरिक को बिना उचित सूचना एवं प्रक्रिया के अपने अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, महादेवपुरा, आलंद और हरियाणा में मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए हैं। इन मामलों में मूल आँकड़ों को सार्वजनिक करना, स्वतंत्र जाँच कराना और जिम्मेदारी तय करना आवश्यक है। कांग्रेस की माँग है कि मतदाता सूची के डिजिटल आँकड़े राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि उनका स्वतंत्र सत्यापन हो सके।
आनंद दाहिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर प्रक्रिया स्थगित करने तथा गंभीर विसंगतियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जाँच कराने की कांग्रेस की घोषित माँगों को दोहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए। उन्होंने स्थानीय कांग्रेस संगठन से आह्वान किया कि बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाए, जिन नागरिकों के नाम सूची से गायब हैं उनकी शिकायतें दर्ज की जाएँ और नाम जुड़वाने, सुधार कराने तथा अपील करने में उन्हें आवश्यक सहयोग दिया जाए। अनंत दहिया ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प है। कांग्रेस पार्टी हर पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा, चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेह लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता हरेंद्र अग्रवाल, जिला अध्यक्ष गौरव भाटी, महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, सलीम खान, धूम सिंह गुर्जर, मतन सिंह डेढ़ा , रीना शर्मा, तेजवीर ठाकुर, उदयवीर त्यागी, के.डी. शर्मा, कपिल शर्मा, निसार अहमद, नासिर त्यागी, योगी जाटव, राकेश सिंह , इशरत जहां, राजू यादव, मुजाहिद, विनोद सोनकर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


