रिश्वत मामले में कार्रवाई पर हाईकोर्ट की रोक

Shekhar Sharma
5 Min Read

सीबीआई ने सीजीएचएस रिश्वत मामले में गवाह बनाया आरोपी, याची के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई पर रोक-हाइकोर्ट

मेरठ/गाजियाबाद। : सीजीएचएस मेरठ में कथित 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में आरोपी बनाए गए रईस अहमद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली है। न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान की पीठ ने याची को संबंधित विशेष न्यायाधीश, एंटी करप्शन, सीबीआई न्यायालय, गाजियाबाद के समक्ष 15 दिनों के भीतर डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र दाखिल करने की अनुमति दी है। न्यायालय ने संबंधित अदालत को प्रार्थना पत्र पर गुण-दोष के आधार पर कानून के अनुसार शीघ्र निर्णय लेने का निर्देश दिया। साथ ही, अगले 30 दिनों तक याची के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने का आदेश दिया है। रईस अहमद की ओर से अधिवक्ता सुनील चौधरी ने पक्ष रखा।

आरोप पत्र व तलबी आदेश को चुनौती

यह मामला गाजियाबाद स्थित विशेष न्यायाधीश, एंटी करप्शन, सीबीआई की अदालत में लंबित है। याची अधिवक्ता सुनील चौधरी ने बताया कि याची रईस अहमद पिछले लगभग 25 वर्षों से डॉ. आशीष जैन के संस्थानों—जेएमसी मेडिकल सिटी, हाईफील्ड स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं जैन मेडिकल स्टोर, मेरठ—में अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत थे। संबंधित संस्थान सीजीएचएस के पैनल पर हैं और बिलों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के सिलसिले में वह अपने डायरेक्टर डॉ. आशीष जैन के निर्देश पर सीजीएचएस कार्यालय में अधिकारी से बिलो के भुगतान आदि के मामले में मिलने जाया करता था।

8 जुलाई 2025 को सीजीएचएस मेरठ के तत्कालीन सी.जी. एच. एस. में कार्यरत अधिकारी एडिशनल डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार तथा ऑफिस सुपरिंटेंडेंट लवलेश सोलंकी ने अस्पताल के निरीक्षण में कथित रूप से पाई गई कमियों पर कार्रवाई नहीं करने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। याची के अनुसार, अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. आशीष जैन के निर्देश पर अस्पताल के एक अन्य कर्मचारी जो शिकायतकर्ता विशाल कुमार के साथ रईस अहमद रिश्वत की पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपये लेकर सीजीएचएस कार्यालय पहुंचे थे। वहां लवलेश सोलंकी ने उन्हें अगले दिन रकम लेकर आने के लिए कहा। इसके बाद रईस अहमद कथित रकम वाला बैग लेकर वापस जा रहा था तभी रास्ते मे सी बी आई ने गिरफ्तार कर लिया।
याचिका में कहा गया कि हॉस्पिटल के कर्मचारी विशाल कुमार की शिकायत पर सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए डॉ. अजय कुमार और लवलेश सोलंकी के विरुद्ध मामला दर्ज किया। वह किसी अवैध लेन-देन का लाभार्थी नहीं था, बल्कि अपने डायरेक्टर के निर्देश पर शिकायतकर्ता हॉस्पिटल के कर्मचारी विशाल कुमार के साथ गया था और उसे गलत तरीके से आरोपी बनाया गया।शिकायत कर्ता विशाल ने याची के विरुद्ध न तो कोई शिकायत की है और न ही डॉक्टर आशीष जैन व विशाल ने अपने बयानों मे भी याची को आरोपित किया ।सी.बी. आई. ने फर्जी तरीके से याची को फसा दिया।जबकि याची को प्रकरण में गवाह बनाया जाना था।याची के विरुद्ध कोई भी सबूत व गवाह नही है ।

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला

याची की ओर से बहस करते हुए अधिवक्ता सुनील चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट के नीरज दत्ता बनाम स्टेट तथा बी. जयराज बनाम स्टेट ऑफ आंध्र प्रदेश के निर्णयों का हवाला दिया। उन्होंने तर्क दिया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक है कि रिश्वत की मांग और रिकवरी दोनो ही साबित होने पर ही सजा का प्रावधान है । केवल बरामदगी के आधार पर दोषसिद्धि नहीं की जा सकती। याची पक्ष ने यह भी दलील दी कि कथित रकम उसके पास होने मात्र से रिश्वत मांगने या स्वीकार करने में उसकी संलिप्तता स्वतः सिद्ध नहीं होती। इन्हीं आधारों पर आरोपपत्र और संज्ञान/समन आदेश को चुनौती दी गई थी।

हाईकोर्ट का सीबीआई अदालत को निर्देश

दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याची को संबंधित विशेष न्यायालय के समक्ष 15 दिनों के भीतर डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने की अनुमति दी। न्यायालय ने निर्देश दिया कि संबंधित अदालत पक्षकारों को सुनने के बाद प्रार्थना पत्र पर गुण-दोष के आधार पर कानून के अनुसार शीघ्र निर्णय करे। हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि 30 दिनों तक याची के विरुद्ध कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। जिस पर सी बी आई ने कोई आपत्ति नही किया ।इन निर्देशों के साथ याचिका निस्तारित कर दी गई।

TAGGED:
Share This Article