आतिशबाजी के धुएं में उड़ दी सुप्रीमकोर्ट की हिदायत

Shekhar Sharma
3 Min Read

न तो लोगों ने तय समय का पालन किया और न ही ग्रीन पटाखों की बाध्यता की परवाह

मेरठ। सुप्रीम कोर्ट और जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों, समय सीमा और केवल ग्रीन पटाखे चलाने की हिदायतों को ताक पर रखकर मेरठ में दीपावली की रात जमकर आतिशबाजी हुई। प्रशासन और न्यायालय के नियमों की धज्जियां उड़ते देख न तो लोगों ने तय समय का पालन किया और न ही ग्रीन पटाखों की बाध्यता की परवाह की। सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली पर केवल कुछ घंटों (निर्धारित समय सुबह और रात के तय स्लॉट) के लिए और सिर्फ प्रमाणित ग्रीन पटाखे चलाने की सशर्त अनुमति दी थी, लेकिन रातभर शहर के विभिन्न इलाकों में तेज आवाज वाले पारंपरिक और प्रतिबंधित पटाखे फोड़े गए। जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर और चिह्नित स्थानों पर ही बिक्री व आतिशबाजी करने के निर्देश दिए गए थे, पर रिहायशी कॉलोनियों और गलियों में जमकर बम-पटाखे चले। दीपावली के अवसर पर पटाखों पर लगाए गए प्रतिबंधों और समय सीमा की सरेआम अनदेखी की गई। सुप्रीम कोर्ट के कड़े दिशानिर्देशों के बावजूद रातभर तेज आवाज वाले पारंपरिक पटाखे फोड़े गए। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि इन हिदायतों का पालन न कराए जाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस तंत्र में कौन सा अफसर जिम्मेदार है। हालांकि अदालती आदेश में कहा गया है कि अदालत के आदेशानुसार, यदि किसी भी क्षेत्र में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री या तय समय सीमा के बाद आतिशबाजी का उल्लंघन पाया जाता है, तो उस क्षेत्र के संबंधित पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी को इसके लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा। रिहायशी इलाकों और गलियों में पटाखे न चलें, इसकी निगरानी सीधे तौर पर स्थानीय पुलिस और संबंधित बीट के कांस्टेबलों व दरोगा की होती है। हालांकि, त्योहार से पहले पुलिस ने मेरठ रेंज में लाखों रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए और कई आरोपियों को जेल भेजा, लेकिन दीपावली की रात रिहायशी इलाकों में आतिशबाजी को पूरी तरह रोकने में पुलिस और प्रशासन का जमीनी नेटवर्क नाकाम साबित हुआ। अब यह देखना होगा कि इस मामले में कितनी और किस पर कार्रवाई होती है और इसकी हिम्मत कौन अफसर जुटाएगा।

आग की बैक टू बैक घटनाएं

नियमों की इस अनदेखी और भारी आतिशबाजी का नतीजा यह रहा कि मेरठ जिले में दीपावली की रात आग लगने की 7 से 8 घटनाएं सामने आईं। सदर बाजार क्षेत्र में दीपावली की रात एक कबाड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां पूरे शहर में दौड़ती रहीं और फायर ब्रिगेड की टीमों को पूरी रात अलर्ट मोड पर रहना पड़ा, जिससे समय रहते बड़े हादसे टल गए।

Share This Article