ऋषभ एकाडेमी में शिक्षक दिवस की धूम

Shekhar Sharma
3 Min Read

भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक किया नमन

मेरठ। जनपद के प्रतिष्ठित छावनी सदर वेस्ट एंड रोड मंदिर मार्ग स्थित ऋषभ एकाडेमी समेत तमाम स्कूलों में शिक्षक दिवस की धूम रही। इस मौके पर तमाम स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल रहा। ऋषभ एकाडेमी में इस मौके पर शिक्षकों के लिए खास कार्यक्रम का आयोजन प्रबंध समिति की ओर से किया गया था। ऋषभ एकाडेमी में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन

प्रधानाचार्य शरद त्यागी ने बताया कि इस मौके पर कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में शिक्षकगण के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जैसे गीत, नृत्य, कविता एवं मनोरंजक गतिविधियाँ प्रस्तुत की गईं। शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक म्यूजिकल चेयर एवं पासिंग द पार्सल जैसे मनोरंजक खेलों में भाग लिया तथा डांस एवं गीत-संगीत का भरपूर आनंद लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शरद त्यागी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, सत्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ करना चाहिए, क्योंकि शिक्षक का आचरण एवं कार्यशैली विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य पर गहरा प्रभाव डालती है। उन्होंने सभी शिक्षकों की मेहनत, समर्पण एवं विद्यालय के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

प्रबंध समिति का आभार

साथ ही उन्होंने ऋषभ मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष श्री दिनेश चंद जैन जी, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन जी एवं कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन जी के मार्गदर्शन, सहयोग एवं निरंतर प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं और उनके समर्पण एवं सेवाभाव की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समस्त विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की और शिक्षक दिवस को यादगार बनाया।

Share This Article