मंडलायुक्त से जांच कराकर कार्रवाई की मांग, मेला नौचंदी में ठेके में कर दिया खेल
मेरठ। नौचंदी मेले की ई-निविदाओं के निविदा खोलने के उपरांत विभागीय सांठगांठ से अपूर्ण अभिलेखों की हार्ड कॉपी लगाकर खेल कर दिया गया है। मंडलायुक्त को इस संबंध शिकायती पत्र देकर ठेका निरस्त किए जाने की मांग की गयी है। साथ ही इसके लिए दोषी कर्मचारियों की जांच कराकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गयी है।
यह है पूरा मामला
सदर निवासी शुभम गुप्ता ने मंडलायुक्त को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि प्रांतीयकृत नौचंदी मेला, मेरठ वर्ष 2026 हेतु जारी ई-निविदाओं में गंभीर अनियमितताओं बरती गयी हैं। उन्होंने बताया कि निविदा प्रक्रिया के अंतर्गत तकनीकी बिड़ खोले जाने के उपरांत कुछ निविदाकारों द्वारा अपूर्ण/अधूरे अभिलेखों को विभागीय मिलीभगत (साठ-गांठ) से बाद में हार्ड कॉपी के रूप में संलग्न किया गया है। यह कृत्य न केवल ई-निविदा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के सिद्धांतों के विपरीत है, बल्कि अन्य पात्र निविदाकारों के अधिकारों का भी हनन करता है। ई-निविदा की शर्तों के अनुसार समस्त आवश्यक अभिलेख नियत समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाना अनिवार्य होता है। निविदा खोलने के पश्चात किसी भी प्रकार से अभिलेखों की पूर्ति संलग्नता करना नियम विरुद्ध एवं दंडनीय है। शुभम ने पत्र में कहा है कि उक्त प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। जिन निविदाकारों द्वारा निविदा खोलने के पश्चात अपूर्ण अभिलेखों की हार्ड कॉपी संलग्न की गई है, उनकी निविदाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाएं। संबंधित दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।


