तकनीकि इश्यू से डाउनलोड नहीं हो पा रही विद्यालयों की नामाबली, अभ्यार्थियों की लिस्ट 15 अक्तूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में की जानी थी दाखिल
मेरठ/प्रयागराज। तकनीकि कारणों के चलते मेरठ मंडल के कुछ विद्यालय शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 09 एवं 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा आवेदन-पत्र परिषद जिला विद्यालय कार्यालय में दाखिल नहीं कर पाए हैं।दरअसल माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह के निर्देश के बाद सभी विद्यालयों को शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 09 एवं 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा आवेदन-पत्र 15 अक्तूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दाखिल करने थे, लेकिन कुछ विद्यालय संचालकों का कहना है कि कुछ तकनीकि इश्यू के चलते विद्यालयों की नामाबली डाउन लोड नहीं हो पा रही है। इससे विलंब हो रहा है। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के पत्र में कहा गया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 09 एवं 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा आवेदन-पत्र परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन भरे जाने के उपरान्त, सम्बन्धित संस्था के प्रधानाचार्य द्वारा पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड कर, कोषपत्र की एक प्रति सहित क्षेत्रीय कार्यालय को प्रेषित किए जाने हेतु 15 अक्तूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा किया जाना अनिवार्य है। इसी को लेकर कुछ के प्रधानाचार्यों द्वारा अवगत कराया गया है कि विभिन्न प्रकार की विसंगतियों के कारण उनके विद्यालयों की नामावली जनरेट / डाउनलोड नहीं हो पा रही है।
मौजूद है विकल्प
इस समस्या के मद्देनजर माध्यमिक शिक्षा परिषद के के पोर्टल पर सम्बन्धित विसंगतियों के निराकरण हेतु आवश्यक विकल्प उपलब्ध करा दिए जाने की जानकारी दी गयी हैं। इनमें विद्यार्थियों की फोटो अपलोड न होने की स्थिति में फोटो अपलोड करने, शुल्क चालान / आवश्यक अभिलेख अपलोड न होने की दशा में सम्बन्धित अभिलेख अपलोड करने तथा डुप्लीकेट पंजीकरण की स्थिति में निरस्त किए जाने वाले पंजीकरण का डेटा डिलीट करने के विकल्प सम्मिलित हैं । जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सम्बन्धित संस्था के प्रधानाचार्य अपने विद्यालय से सम्बन्धित विसंगतियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। सभी विद्यालय फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड कर, कोषपत्र की एक प्रति सहित निर्धारित प्रक्रिया के 15 अक्तूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करना जाना था। उन्होंने बताया कि इस कार्य में विलंब के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। इसको लेकर बड़ी संख्या में स्कूल संचालक जेडी ऑफिस भी पहुंच रहे हैं।


