ओल्ड पेंशन आदेश पर हंगामा है क्याें बरपा

Shekhar Sharma
8 Min Read

CBM का एक हालिया कार्यालय आदेश इन दिनों प्रशासनिक गलियारों और कर्मचारियों के बीच भारी विवाद का विषय

मेरठ कैंट। मेरठ छावनी परिषद का एक हालिया कार्यालय आदेश इन दिनों प्रशासनिक गलियारों और कर्मचारियों के बीच भारी विवाद का विषय बन गया है। कार्यालय आदेश संख्या 26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026, रक्षा मंत्रालय और भारत सरकार के नियमों को ताक पर रखकर जारी किए जाने के गंभीर आरोपों के घेरे में है। नेशनल पेंशन सिस्टम से ओल्ड पेंशन स्कीम में बदलाव को लेकर जारी किया गया यह आदेश अब कैंट बोर्ड प्रशासन के लिए ‘गले की हड्डी’ बनता नजर आ रहा है।

क्या है पूरा मामला और क्या है विरोधाभास?

छावनी परिषद द्वारा जारी आदेश संख्या 26 के तहत, NPS से OPS में जाने के इच्छुक कर्मचारियों को 21 अक्टूबर 2026 तक एकमुश्त (One-time option) विकल्प चुनने की छूट दी गई थी। इस आदेश का कानूनी आधार भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoP&PW) के कार्यालय ज्ञापन (OM) दिनांक 03 मार्च 2023 को बनाया गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस मूल ओएम (03 मार्च 2023) का हवाला देकर यह छूट दी जा रही है, उसमें सरकारी कर्मचारियों के लिए विकल्प प्रस्तुत करने की तय की गई थी। केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक, जो कर्मचारी उस समय सीमा तक अपना विकल्प नहीं दे पाए, उन्हें अनिवार्य रूप से एनपीएस में ही बने रहना था। ऐसे में मेरठ कैंट बोर्ड ने सवा तीन साल बाद अपने स्तर पर 21 अक्टूबर 2026 की नई कट-ऑफ डेट कैसे तय कर दी, यह एक बड़ा यक्ष प्रश्न है।

आदेश से उजागर होते तीन मुख्य तथ्य

इस विवादित आदेश के गहन विश्लेषण से तीन बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आते हैं। पहला यह कि कैंट बोर्ड का यह आदेश उसी मूल ओएम का हवाला दे रहा है, जिसकी सबसे अनिवार्य शर्त (समय सीमा) को वह खुद ही तोड़ रहा है। 21 अक्टूबर 2026 की नई तारीख किसी भी केंद्रीय या डीओपी व पीडब्लू के आदेश में दर्ज नहीं है। नियमों में इस तरह के बदलाव का अधिकार सिर्फ और सिर्फ DoP&PW के पास है। मेरठ कैंट बोर्ड के इस आदेश में रक्षा मंत्रालय या महानिदेशक रक्षा संपदा से किसी भी प्रकार की पूर्व अनुमति या वित्तीय स्वीकृति का कोई उल्लेख नहीं है।

चूक को छिपाने का प्रयास

आदेश में बोर्ड ने खुद स्वीकार किया है कि साल 2023 में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं किया गया था। यानी चूक पूरी तरह से छावनी परिषद के स्तर पर हुई, लेकिन उसका ‘अवैध’ समाधान भी बोर्ड अधिकारियों ने बिना वरिष्ठ कार्यालयों को सूचित किए अपने ही स्तर पर निकाल लिया। इस विषय पर केंद्र सरकार का रुख बेहद स्पष्ट रहा है। लोकसभा में अतारांकित प्रश्न संख्या 2606 दिनांक 07 अगस्त 2024 के उत्तर में सरकार ने साफ किया था कि विकल्प चुनने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2023 और नियुक्ति प्राधिकारियों द्वारा निर्णय लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2023 थी। सरकार ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि 03 मार्च 2023 के ओएम के संबंध में आगे कोई नया निर्देश या तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे में मेरठ कैंट बोर्ड का यह आदेश सीधे तौर पर संसद में सरकार द्वारा दिए गए बयानों की भी अवहेलना करता है। यह मामला केवल एक प्रशासनिक चूक का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये के सरकारी राजस्व और दीर्घकालिक पेंशन देनदारियों से जुड़ा है। देखना होगा कि रक्षा संपदा संगठन और सैन्य नेतृत्व इस गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनुशासनहीनता पर क्या एक्शन लेता है।

ऐसे हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब 28 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रहने वाले एक प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता ने छावनी परिषद के अध्यक्ष यानि पीसीबी को पत्र लिखकर इस आदेश को ‘अधिकारातीत’ बताते हुए तुरंत निरस्त करने की मांग की। यह पत्र अगले दिन यानी 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे स्टेशन हेडक्वार्टर में प्राप्त हुआ। सुनने में आया है कि लेकिन असली ड्रामा इसके बाद शुरू हुआ। पत्र में मुख्य अधिशासी अधिकारी कार्यालय को कोई प्रतिलिपि नहीं भेजी गई थी। इसके बावजूद, मात्र कुछ ही घंटों के भीतर दोपहर में इस आदेश का लाभ लेने वाले कर्मचारियों ने छावनी परिषद कार्यालय पर आकर भारी प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों का आरोप था कि विकल्प भरवाने के बाद भी बोर्ड आदेश का अनुपालन नहीं कर रहा है। यह सवाल तेजी से गूंज रहा है कि आखिर स्टेशन हेडक्वार्टर में आए एक गोपनीय शिकायत पत्र की भनक चंद घंटों में ही लाभार्थियों को कैसे लग गई? क्या कैंट बोर्ड के ही कुछ अधिकारियों ने खुद को फंसता देख कर्मचारियों को ढाल बनाकर आगे कर दिया

यह होना चाहिए

ओल्ड पेंशन मामले में पेंच फंस जाने के बाद अब चर्चा है कि क्यों ना आदेश संख्या 26 से जुड़ी पूरी फाइल (नोटशीट, बोर्ड प्रस्ताव, एजेंडा और ऑफिस रिपोर्ट) को तुरंत सार्वजनिक किया जाए, ताकि पता चल सके कि किस अधिकारी की कलम से यह प्रस्ताव आगे बढ़ा। आदेश संख्या 26 से जुड़ी पूरी फाइल (नोटशीट, बोर्ड प्रस्ताव, एजेंडा और ऑफिस रिपोर्ट) को तुरंत सार्वजनिक किया जाए, ताकि पता चल सके कि किस अधिकारी की कलम से यह प्रस्ताव आगे बढ़ा। यदि इस नई तिथि के लिए रक्षा मंत्रालय या डीजीडीई की कोई लिखित सक्षम अनुमति नहीं है, तो इस अवैध आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साल 2023 में भारत सरकार के आदेश का प्रचार न करने वाले लापरवाह अधिकारियों और साल 2026 में वित्तीय जोखिम खड़ा करने वाला अवैध प्रस्ताव तैयार करने वाले जिम्मेदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

सीईओ कैंट ने जतायी अनभिज्ञता

कैंट बोर्ड में पुरानी पेंशन प्रकरण को लेकर जो कुछ भी चल रहा है और सुनने में आ रहा है खासतौर से कैंट बोर्ड के कर्मचारियों के गुरूवार को हुए कथित प्रदर्शन मामले को लेकर जब सीईओ जाकिर हुसैन से सवाल किया ताे उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं। इसके इतना सोशल मीडिया की यदि बात की जाए तो पुरानी पेंशन को लेकर पिछले 12 अक्तूबर 2026 को कार्यालय आदेश संख्या 26 जिसको सीईओ कैंट द्वारा हस्ताक्षरित बताया जा रहा है अनेक सोशल मीडिया साइटों पर वायरल है। हालांकि वो आदेश जो वायरल है और सीईओ कैंट का बताया जा रहा है उसकी पुष्टि तो कैंट बोर्ड प्रशासन ही कर सकता है कि वो सही है या नहीं।

Share This Article