कैंट विस के बूथ सम्मेलन में उमड़े कार्यकर्ता

Shekhar Sharma
4 Min Read


तमाम बूथ अध्यक्ष ने किया शक्ति प्रदशर्न, विधायक बोले शानदार

मेरठ।्र प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित किए जा रहे बूथ अध्यक्ष मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज मेरठ कैंट विधानसभा में छावनी मंडल स्थित अतिथि बैंक्वेट हॉल में मेरठ कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विधानसभा के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम में संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं का उत्साह एवं बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिश ठाकुर ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष केवल एक पदाधिकारी नहीं, बल्कि संगठन का आधार स्तंभ है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता जितना अधिक सक्रिय रहेगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने, नए मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने तथा संगठन द्वारा संचालित प्रत्येक अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनोज सिवाच ने की। उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही भाजपा की विजय का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने बूथ पर संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद स्थापित करने का कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें।

मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने सभी बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि पार्टी आज जिस ऊँचाई पर पहुँची है, उसके पीछे लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर पर दिन-रात कार्य करने वाले बूथ अध्यक्षों का अथक परिश्रम, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि वर्षभर समाज के बीच रहकर जनता की समस्याओं को सुनने, उनका समाधान कराने तथा संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करने वाला सबसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है। अमित अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाने का संकल्प लें। प्रत्येक परिवार से नियमित संपर्क बनाए रखें, नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें, समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित करें तथा संगठन द्वारा चलाए जा रहे सभी कार्यक्रमों एवं अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाएँ। उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त होगा और भाजपा उतनी ही अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा कर सकेगी।

उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे सेवा, संगठन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक बूथ को आदर्श बूथ बनाने का लक्ष्य निर्धारित करें तथा जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेरठ कैंट विधानसभा का प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेगा और आगामी सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धर्मेन्द्र भारद्वाज, पूर्व महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, जी, महेश सिंघल, मुकेश सिंघल, उपाध्यक्ष विशाल कनौजिया, मंत्री श्रीमती डॉली गुप्ता, पवन मित्तल जी, कार्यक्रम संयोजक अंकित सिंघल, तथा कार्यक्रम सह-संयोजक आलोक रस्तोगी जी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article