उत्तम में स्वास्थ्य व स्वच्छता पर वर्कशॉप

Shekhar Sharma
3 Min Read

विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा साफ-सफाई के प्रति जागरूकता का संदेश

मेरठ। जनपद के अग्रणीय शिक्षण संस्थान उत्तम पब्लिक स्कूल, रहावती में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यशाला में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती ज्योति रस्तौगी द्वारा बहुत ही प्रभावशाली एवं व्यवस्थित ढंग से किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को रोचक बनाते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण बातों से अवगत कराया।

मुस्कान ढिल्लन ने दिए टिप्स

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित कुमारी मुस्कान ढिल्लन ने बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से हाथ धोना, पौष्टिक भोजन करना, समय पर सोना, व्यायाम करना तथा आसपास की सफाई रखना अच्छे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन का सीमित उपयोग करने तथा मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सीपीआर तथा प्राथमिक चिकित्सा की भी जानकारी दी।

स्वच्छता आदत नहीं जिम्मेदारी

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं स्वच्छ विद्यार्थी ही देश का उज्ज्वल भविष्य बन सकते हैं। क्योंकि यदि स्वच्छ होगें तो निश्चित रूप से स्वस्थ होंगे।

बच्चों को किया प्रेरित

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक हिमांशु सिंघल, अरविंद चौधरी, सोहनवीर चौधरी, श्रीमती पूजा गुप्ता, रुचि वर्मा, नौशाबा परवीन एवं कुमारी प्रिया भी उपस्थित रहीं तथा उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े कई प्रश्न पूछे और महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने स्वच्छता अपनाने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस कार्यशाला को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।

Share This Article