योगी सरकार दे रही भरपूर बिजली फिर कटौती क्यों

Shekhar Sharma
3 Min Read


एमडी के समक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने जतायी नाराजी, भाजपा नेताओं की कॉल तक रिसीव नहीं कर रहे हैं बिजली अफसर, जानलेवा गर्मी में बिजली की अंधाधुंध कटौती से महानगर के लोग हैं बेहाल

मेरठ। जानलेवा गर्मी के मौसम में बिजली की अंधाधुंध कटौती और बिजली अफसरों द्वारा भाजपा नेताओं की कॉल रिसीव ना किए जाने को लेकर राज्यसभा सदस्य व भाजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आज पीवीवीएनएल एमडी के समक्ष नाराजगी जतायी। इस मौके पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर एमडी के अलावा उनके पीवीवीएनएल के तमाम डायरेक्टर थे।

कॉल ना उठाए जाने का नहीं था कोई उत्तर

डा. वाजपेयी ने एमडी से सीधा सवाल किया कि मई का महीना और महानगर में अंधाधुंध बिजली कटौती, लोग भाजपा नेताओं के पास शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, क्योंकि बिजलीघर पर कोई मिलता नहीं, पब्लिक की कॉल भी रिसीव नहीं की जातीं। भाजपा नेता बिजली अफसरों को कॉल करते हैं तो उनकी भी कॉल रिसीव नहीं की जातीं। डा. वाजपेयी की इस बात का कोई उत्तर ना तो एमडी ना ही किसी बिजली अफसर के पास था।

बिजली की नहीं कोई कमी

डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एमडी से कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है। सरकार की ओर से भरपूर बिजली आपूर्ति की जा रही है। फिर किस वजह से अंधाधुंध कटौती की जा रही है। डा. वाजपेयी ने इसके लिए स्थानीय अधिकारियों व सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया। बिजली अफसरों ने डा. वाजपेयी को बताया कि आपूर्ति सुधारने के लिए क्या-क्या किया जा रहा है। मलियाना में 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर पहुंच गया है। गंगानगर में भी दस एमबीए का ट्रांसफार्मर पहुंच गया है। उसकी चार्जिंग कल तक पूरी हो जाएगी। बिजलीघरों की डबल सोर्स लाइन दो तीन दिन में चालू हो जाएगी। कंकरखेड़ा में १३२ केबी लाइन दो तीन दिन में पहुंच जाएगी। ट्रालियों पर लदे ट्रांसफार्मरों की संख्य ा१९ हैं। इन्हें तीन-तीन बिजलीघरों के बीच खड़ा करा दिया जाएगा, ताकि जहां जरूरत हो वहां शिफ्ट किया जा सके। बिजनेस प्लान के शेष काम भी शीघ्र पूरे हो जाएंगे। जहां पेड़ों की कटाई की जानी है वहां वन विभाग से अनुमति लेकर शीघ्र काम शुरू करा दिया जाएगा। डा. वाजपेयी ने दो टूुक कहा कि महानगर में बिजली कटौती नहीं की जानी चाहिए। सरकार की ओर से भरपूर बिजली आपूर्ति की जा रही है।

TAGGED:
Share This Article