
पीएम मोदी के जन्म दिन पर पार्क में आर्शीवाद दीपोत्सव कार्यक्रम, अफसरों ने लगायी दौड़, पंपों से निकलवाया पानी
मेरठ। पीएम मोदी के जन्म दिन के मौके पर सूरजकुंड के जिस पार्क में आर्शीवाद दीपोत्सव कार्यक्रम होना है उसमें पानी भरने की खबर से अफसरों के हाथ पांव फूल गए। दरअसल अचानक हुई बारिश के बाद पार्क में पानी भर गया। इसकी जानकारी के बाद भाजपाइयों ने निगम अफसरों को फोन घूमा दिए। हालांकि निगम प्रशासन ने वहां पहले ही पंप सेट लगवा दिए थे। वहीं दूसरी ओर आर्शीवाद दीपोत्सव के मौके पर शहर में अनेक कार्यक्रम हो रहे हैं। ज्यादातर स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। एनएएस कालेज में रक्तदान शिविर कार्यक्रम में कैंट विधायक अमित अग्रवाल व संगठन के दूसरे नेता शामिल हुए। भाजपा की ओर से पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल व उनके 75वें जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में महानगर में दीप जलाए जा रहे हैं। दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम सूरजकुंड पार्क में हुए, जहां तमाम बड़े भाजपा नेता जुटे, जबकि बूथ, शक्ति केंद्रों से लेकर भाजपा नेता अपने घरों पर दीपक जलाएंगे। इसके साथ ही केंद्र में पीएम मोदी और यूपी में सीएम योगी की भाजपा सरकार में संचालित तमाम योजनाओं के लाभार्थी भी दीप जलाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों के घरों पर भी दीप जलवाने पहुंचे। इसके अलावा इस मौके पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और एनएएस कॉलेज शिवाजी रोड में विशाल रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में भाजपा के मंत्री, विधायकों सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविरों में आम लोगों ने रक्तदान किया है। साथ ही डीएम, सीडीओ व अन्य प्रशासनिक अफसर ब्लड डोनेशन कैंप में पहुंचे।
प्रत्येक विधानसभा में सात कार्यक्रम
पीएम के जन्म दिनप के मौके पर विधानसभाओं में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल एवं रील अभियान में 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव पर 60 सेकंड की रील्स तैयार की जा रही है। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद होगा। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित होगी। प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे।


