
10,000 से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ, एक लय में सामूहिक ध्यान कर एक विश्व रिकॉर्ड जैसा बनाया माहौल
मेरठ। मेरठ की धरती पर आज शिक्षा और चेतना के क्षेत्र में एक नया इतिहास लिख दिया गया। दीवान ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, परतापुर, मेरठ में दो दिवसीय विराट ग्रुप मेडिटेशन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ हुआ। कॉन्फेडरेशन ऑफ एजुकेशन एक्सीलेंस दीवान इंस्टीट्यूट में चेतना का विराट संगम में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रथम दिवसीय कार्यक्रम में ऐसा दृश्य देखने को मिला जो मेरठ ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में पहले कभी नहीं देखा गया। प्रथम दिवस में 10,000 से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ, एक लय में सामूहिक ध्यान कर एक विश्व रिकॉर्ड जैसा माहौल बना दिया।
राजा लुईस विशेष रूप से नीदरलैंड से पधारे
इस ऐतिहासिक आयोजन की गरिमा को बढ़ाने के लिए नीदरलैंड स्थित विश्व प्रसिद्ध महर्षि वैदिक विश्वविद्यालय (एमईआरयू) के कुलपति एवं इस विशेष कार्यक्रम के प्रमुख राजा लुईस विशेष रूप से नीदरलैंड से पधारे। उनके साथ मेरठ-गाजियाबाद विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को वैश्विक बनाने के लिए विदेश से आई अंतरराष्ट्रीय सपोर्टिंग टीचर्स के रूप में ऑस्ट्रेलिया से क्लेयर और डेनमार्क से पर्ले की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, मानसिक शांति, सकारात्मक सोच तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। प्रथम दिवसीय कार्यक्रम में सामूहिक ध्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को सिखाया गया कि कैसे वे दैनिक जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रख सकते हैं।
राजा लुईस ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि भीतर की असीम चेतना को जागृत करना है। उन्होंने बताया कि सामूहिक ध्यान से उत्पन्न ऊर्जा समस्त सृष्टि को बदलने की ताकत रखती है। वहीं सीईई की अध्यक्ष डॉ. श्रुति अरोड़ा ने कहा कि यह आयोजन नई शिक्षा नीति के अनुरूप छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जब शिक्षा में चेतना जुड़ती है, तो छात्र न केवल अच्छे अंक लाते हैं बल्कि बेहतर इंसान भी बनते हैं। इस तरह के कार्यक्रम ही भविष्य के तनाव-मुक्त और सफल भारत का निर्माण करेंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर दीवान वी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री विवेक दीवान, कार्यकारी निदेशक डॉ. (कर्नल) नरेश गोयल, सीईई की अध्यक्ष डॉ. श्रुति अरोड़ा तथा सीबीई समन्वयक श्री विजय विशाल कुमार सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रथम दिवसीय कार्यक्रम में मेरठ के प्रतिष्ठित विद्यालयों डी.एन. इंटर कॉलेज, कनोहर लाल कृष्ण सहाय इंटर कॉलेज, त्रिशला देवी विद्यालय, महावीर अकादमी, वनस्थली बालिका इंटर कॉलेज, एस.एस.डी. बॉयज़ इंटर कॉलेज, राम सहाय इंटर कॉलेज तथा जे.एस. इंटरनेशनल स्कूल व आसपास के अन्य विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राणायाम के साथ प्रथम दिवसीय कार्यक्रम का समापन हुआ।


