
यूपी बोर्ड के एक्शन प्लान के तहत मान्यता रद्द होने वाले स्कूलों के छात्रों के लिए सुरक्षा कवच’, ऐसे देंगे परीक्षा
प्रयागराज/मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विगत जून जुलाई माह में जिन स्कूल कालेजों की मान्यता समाप्त कर दी है उन स्कूलों के बच्चे भी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो पाएंगे इसके लिए व्यवस्था की गयी है। दरअसल उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मेरठ मंडल के 102 और प्रदेश भर में 465 स्कूलों की मान्यता खामियों के चलते समाप्त कर दी है। इसके बाद अभिभावकों और छात्रों के बीच एक सबसे बड़ा सवाल उठ रहा था—* “अब इन स्कूलों के बच्चे बोर्ड परीक्षा में कैसे बैठ पाएंगे?”* मेरठ स्थित शिक्षा विभाग के एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के हवाले से बताया कि बोर्ड के नियमों और ‘इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम-1921’ के प्रावधानों के तहत छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए एक विशेष ‘छात्र समायोजन और रिकॉर्ड संरक्षण’ नीति के तहत ऐसे स्कूल कालेजों के बच्चे बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
मान्यता प्राप्त या सरकारी स्कूलों में ‘छात्र समायोजन’
जिन स्कूलों की मान्यता समाप्त हुई है, यदि वहां वर्तमान सत्र के लिए कोई छात्र पंजीकृत थे, तो उनके साल को बर्बाद होने से बचाने के लिए शिक्षा विभाग उन्हें निकटतम राजकीय ( या सहायता प्राप्त विद्यालयों में स्थानांतरित करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर गठित टीमें इन छात्रों की सूची तैयार कर उनका दाखिला चालू सत्र के भीतर ही दूसरे वैध स्कूलों में कराएंगी। यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षाओं के लिए इन छात्रों के रोल नंबर और एडमिट कार्ड नए आवंटित स्कूलों के माध्यम से ही जारी किए जाएंगे। बताया गया है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव के सख्त निर्देश तमाम डीआईओएस को हैं कि मान्यता रद्द होने वाले स्कूलों के सभी पुराने शैक्षणिक और पंजीकरण रिकॉर्ड तत्काल जब्त कर लिए जाएं। इससे छात्रों को भविष्य में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC), मार्कशीट या किसी अन्य दस्तावेज के सत्यापन (Verification) में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
बोर्ड ने साफ किया है कि जिन 465 स्कूलों की सूची आधिकारिक तौर पर जारी की गई है, वे अब किसी भी कक्षा में नया एडमिशन नहीं ले सकते। यदि कोई स्कूल अब भी धोखे से एडमिशन लेता है, तो उस छात्र का पंजीकरण अमान्य माना जाएगा। बोर्ड ने अभिभावकों को भी सचेत किया है कि वे प्रवेश दिलाने से पहले स्कूल की वैधता की जांच जरूर कर लें।
छात्रों को नहीं होगा नुकसान
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला की मानें तो , बंद किए गए अधिकांश विद्यालय ‘डमी या कागजी’ श्रेणी के थे, जहां पिछले 2 सालों से शून्य पंजीकरण था और कोई छात्र परीक्षा में बैठ ही नहीं रहा था। इसलिए, जमीनी स्तर पर नियमित पढ़ने वाले छात्रों के प्रभावित होने की संभावना बेहद कम है। फिर भी, यदि किसी भी वैध छात्र का पंजीकरण इन स्कूलों के जरिए हुआ था, तो बोर्ड उसे ‘सत्र-लाभ’ देते हुए परीक्षा में बैठने का पूरा मौका देगा।


