
नाला सफाई व्यवस्था में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए, राजस्व की लूट दिया करार
मेरठ। नगर निगम मेरठ के वार्ड नंबर 81 में चल रहे नाला सफाई अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गंभीर सवाल उठाए हैं। सपाइयों ने नगरायुक्त से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें नाला सफाई व्यवस्था में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसे जनता के पैसे और सरकारी राजस्व की खुली लूट करार दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि सफाई का ढर्रा यही रहा, तो इस अभियान का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने नाला सफाई के नाम पर राजस्व की लूट का आरोप लगाया। सपाइयों ने नगरायुक्त से की ‘तलीझाड़’ सफाई और तुरंत सिल्ट उठाने की मांग की।
सड़क पर छोड़ी सिल्ट नाले में वापस
सपा नेताओं ने नगरायुक्त को जमीनी हकीकत से रूबरू कराते हुए बताया कि वार्ड नंबर 81 के अंतर्गत दोनों साइड से बॉब कैट (बॉब कट) मशीनों द्वारा नाले की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। नाले से भारी मात्रा में सिल्ट (कीचड़ और गंदगी) तो निकाली जा रही है, लेकिन उसे तुरंत हटाने के बजाय सड़क पर ही लावारिस छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे दोहरी मुसीबत खड़ी हो गयी है। सड़क पर सिल्ट का अंबार लगने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और क्षेत्र के लोगों को घंटों लंबे जाम से जूझना पड़ रहा है। जिन दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने यह सिल्ट डाली गई है, वे अपनी दुकानों के आगे रास्ता साफ करने के लिए उस गंदगी को पानी से धोकर वापस नाले में ही बहा रहे हैं। ऐसे में नाला साफ होने के तुरंत बाद फिर से चोक हो रहा है।
टुकड़ों में सफाई से तेल चोरी
मांग पत्र में नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों के गठजोड़ पर तीखा हमला बोला गया है। सपाइयों ने आरोप लगाया कि बॉब कैट मशीन और डंपर चालक मिलकर बड़े पैमाने पर डीजल/तेल की चोरी कर रहे हैं। नाले की सफाई पूरे समय करने के बजाय टुकड़ों-टुकड़ों में (किश्तों में) की जा रही है, जिससे नाले की तली झाड़कर (गहराई से) सफाई नहीं हो पा रही है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम की लचर सफाई व्यवस्था और उससे संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। जनहित का हवाला देते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने नगरायुक्त से तत्काल प्रभाव से नाले से सिल्ट निकालने के साथ ही उसे तुरंत उठाने के लिए डंपर साथ-साथ लगाए जाएं, ताकि गंदगी सड़क पर न फैले। पूरे नाले की सफाई टुकड़ों में करने के बजाय, एक ही दिन में कई बॉब कैट मशीनें और डंपर लगाकर सुबह से शाम तक पूरी की जाए। इससे नाला पूरी तरह साफ होगा और दुकानदारों को गंदगी वापस नाले में बहाने का मौका नहीं मिलेगा। तेल चोरी करने वाले और काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों/अधिकारियों पर सख्त निर्देश जारी किए जाएं तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
इलाके में बीमारियां फैलने का खतरा
नाले की सिल्ट में अत्यधिक हानिकारक बैक्टीरिया, फंगस और सड़े हुए कार्बनिक पदार्थ होते हैं। धूप लगने पर जब यह सिल्ट सूखती है, तो इसके बारीक कण हवा में उड़ते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और सांस की गंभीर बीमारियां पैदा होती हैं। साथ ही, इस गंदगी पर मक्खियां और मच्छर पनपते हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, टाइफाइड और डायरिया (पेचिश) जैसी घातक बीमारियां महामारी का रूप ले लेती हैं। इसके अलावा दुकानों के ठीक सामने बदबूदार कीचड़ का ढेर लग जाने से ग्राहकों का आना पूरी तरह बंद हो जाता है। वार्ड 81 के दुकानदारों का व्यापार इस अव्यवस्था के कारण पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सड़क पर फैली गीली सिल्ट बेहद फिसलन भरी होती है। इस मार्ग से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालक (बाइक और स्कूटर सवार) अक्सर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। रात के समय अंधेरे में यह सिल्ट चालकों को दिखाई नहीं देती, जिससे गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है। सड़क पर पड़ी गंदगी में मौजूद जहरीले रसायन और भारी धातुएं (हैवी मेटल्स) बारिश या सामान्य पानी के साथ रिसकर जमीन के अंदर चले जाते हैं। इससे क्षेत्र का भूजल दूषित होता है, जो भविष्य में पीने के पानी के संकट और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मौजूद सपा नेताओं व क्षेत्रवासियों में मोहम्मद कासिम प्रबंधक कासिम पब्लिक स्कूल तारापुरी , अफजाल सैफी पूर्व पार्षद दल नेता नगर निगम, म्मद अध्यक्ष दक्षिण विधानसभा समाजवादी पार्टी, नईम खान मेवाती व्यापारी तारापुरी काले जादू वाली गली, शकील सैफी व्यापारी तारापुरी, रियाजुद्दीन मलिक उर्फ राजू दुकानदार


