अवैध दुकानों के खिलाफ निगम का अभियान

Shekhar Sharma
3 Min Read

जीमखाना मैदान में बिना अनुमति के लगाई गईं पटाखों की अवैध दुकानों को हटवाया

मेरठ। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर को जाम मुक्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए मेरठ नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कमर कस ली है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने जीमखाना मैदान में बिना अनुमति के लगाई गईं पटाखों की अवैध दुकानों को पूरी तरह हटवा दिया है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर चलाई जा रही इस विशेष मुहिम से अवैध दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।

अफसरों को देख मची भगदड़

शनिवार को अपर नगरायुक्त तनुजा निगम के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संजीव तोमर बल-सहित जिमखाना मैदान पहुंचे। निगम की टीम को अचानक सामने देख बिना अनुमति के अवैध रूप से पटाखे की दुकान सजाने वाले दुकानदारों में भगदड़ मच गई। कार्रवाई के डर से दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटकर मौके से भाग निकले। प्रवर्तन दल ने मैदान को पूरी तरह खाली कराकर अवैध रूप से पटाखा बिक्री पर रोक लगा दी है।

फूल-माला के स्टालों पर भी चला डंडा

जिमखाना मैदान के अलावा प्रवर्तन दल ने नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने भी कार्रवाई की। यहाँ सड़कों पर फूल-मालाओं के स्टाल लगाकर रास्ता जाम करने वाले दुकानदारों को हटाया गया। त्योहार के सीजन में इन स्टालों की वजह से मुख्य सड़क पर वाहनों का निकलना दूभर हो रहा था और लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। नगर निगम और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए लगातार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। गढ़ रोड (आनंद हॉस्पिटल के सामने), मेडिकल कॉलेज के सामने, शहर घंटाघर, केसरगंज और केसरगंज पर अभियान चलाया जा चुका है।

नगरायुक्त सौरभ गंगवार की चेतावनी

स पूरी मुहिम को लेकर नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान लोगों को जाम से न जूझना पड़े, इसलिए यह अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।

नगरायुक्त ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों से अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कोई भी दुकानदार अपना सामान दुकानों से बाहर सड़कों पर न सजाए। यदि कोई भी सड़क या फुटपाथ को बाधित करता हुआ पाया गया, तो उसका सामान जब्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

TAGGED:
Share This Article