


गुरुदेव सौरभ सागर जी महाराज का मंगल प्रवचन, पुष्पवर्षा कर स्वागत, कलश स्थापना, संस्कारों के जागरण का संदेश
मेरठ। धर्मनगरी मेरठ के सदर तिलक पार्क क्षेत्र में गुरुवार को आध्यात्म और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था संस्कार प्रणेता, ज्ञान योगी एवं जीवन आशा हॉस्पिटल के प्रेरणा स्रोत जैनाचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महामुनिराज के पावन आगमन का। ऋषभ एकेडमी के सचिव एवं समाजसेवी डा. संजय जैन के तिलक पार्क स्थित आवास पर आयोजित मंगल कलश स्थापना समारोह में पूरा वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर रहा। समारोह से पूर्व डा. संजय जैन के परिवार के सदस्यों ने सदर दुर्गाबाड़ी स्थित प्राचीन जैन मंदिर से गुरुदेव की अगवानी की। वहां से बैंड-बाजों और नफीरी की मधुर धुनों के बीच गुरुदेव को तिलक पार्क स्थित आवास पर लाया गया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुनिश्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान चारों ओर गुरुदेव के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
आवास पर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा के साथ मंगल कलश की स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने इसे सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक मानते हुए गुरुदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर सकल जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने गुरुदेव के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
संस्कारों के जागरण से बनता है श्रेष्ठ समाज: मुनिश्री
इस मौके पर आयोजित धर्मसभा में आशीर्वचन देते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महामुनिराज ने संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति के भीतर संस्कारों का जागरण होता है, तो केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि संपूर्ण परिवार और समाज संस्कारवान बन जाता है। मुनिश्री ने डा. संजय जैन के परिवार की सराहना करते हुए कहा कि आज उन्होंने भक्ति और गुरु के प्रति समर्पण का एक अद्भुत आदर्श स्थापित किया है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मंगलमय जीवन की कामना की।


