कैंट में सेना के दृष्टि अभियान का समापन

Shekhar Sharma
3 Min Read

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा, प्रभारी राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर समेत कई विशिष्ट रहे मौजूद

मेरठ। सेना के ऑपरेशन दृष्टि अभियान का आज छावनी स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच) में समापन कर दिया गया। समापन समारोह में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा और उत्तर प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण, राजनीतिक पेंशन एवं प्रांतीय रक्षक दल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य रूप से शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने लाभार्थियों और चिकित्सा टीम से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे पहले 21 नवंबर को शिविर का विधिवत उद्घाटन पश्चिम यूपी सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग) मेजर जनरल सुमित राणा ने दीप प्रज्वलित कर किया था। इस पूरे अभियान का चिकित्सा नेतृत्व दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) के नेत्र विज्ञान विभागाध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा और उनकी विशेषज्ञ टीम ने किया। इसके अलावा शिविर के दौरान मेजर जनरल वी. के. पात्रा (एमजी मेड) ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

412 निशुल्क नेत्र सर्जरी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस सबसे बड़े नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर में महज तीन दिनों के भीतर रिकॉर्ड 412 (कुछ रिपोर्टों के अनुसार 413) मरीजों की निशुल्क नेत्र सर्जरी की गई। इनमें 55 से 60 ऐसे मरीज भी शामिल हैं, जो गंभीर और पके हुए मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे और अब उन्हें फिर से दुनिया देखने की ‘रोशनी’ मिल गई है। इस मानवीय पहल के विभिन्न चरणों में सेना और शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने सेना के हवाले से बताया कि इस अभियान के तहत देश के विभिन्न दुर्गम और अन्य क्षेत्रों (जैसे उधमपुर, लेह, तंगधार, श्रीनगर, लक्षद्वीप, बागडोगरा, नामकुम और रायरंगपुर) में अब तक आयोजित शिविरों में 1.70 लाख से अधिक लोगों की आंखों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 3,900 से अधिक सफल सर्जरी संपन्न हुई हैं। मेरठ में 21 से 25 नवंबर तक चले इस पांच दिवसीय शिविर में लगभग 12 हजार लोगों की स्क्रीनिंग के बाद चिह्नित मरीजों के मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, रेटिना और आंखों में मांस बढ़ने (टेरिजियम) जैसी जटिल बीमारियों के ऑपरेशन किए गए। कुल सर्जरी में से 197 ऑपरेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जरूरतमंद आम नागरिकों के किए गए, जबकि शेष लाभार्थी पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित रहे।

Share This Article