1,000 लोगों को हनीट्रैप (Sextortion) में फंसाया

Shekhar Sharma
4 Min Read

आपत्तिजनक वीडियो तथा तस्वीरें में डॉक्टर, पुलिसकर्मी, सरकारी अधिकारी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कारोबारी तक शामिल

नई दिल्ली/हैदराबाद। पहले सेक्स चेट फिर आपत्तिजनक लगभग फुली न्यूड वीडियो व फोटो उसके बाद हाईप्रोफाइल लोगों स को बदनाम करने खासतौर से तस्वीरें और वीडियो वाइफ को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग कर मोटी रकम की वसूली। नौबत यहीं तक नहीं रही। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि यह काम कोई लड़की नहीं बल्कि लड़की बनकर लड़का कर रहा था। सोशल मीडिया पर खूबसूरत लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर करीब 1,000 लोगों को हनीट्रैप (Sextortion) में फंसाने वाले एक बड़े साइबर अपराध का पर्दाफाश हुआ है। हैदराबाद की सैदाबाद पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय युवक पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 82 लोगों के निजी और आपत्तिजनक वीडियो तथा तस्वीरें बरामद हुई हैं, जिनमें डॉक्टर, पुलिसकर्मी, सरकारी अधिकारी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कारोबारी तक शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ने कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी और जल्दी पैसा कमाने के लिए यह रास्ता चुना। उसने इंस्टाग्राम पर 13 और फेसबुक पर 14 फर्जी अकाउंट बनाए थे, जिन पर विभिन्न मॉडल्स की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था।

दोस्ती और सेक्स चैट

वह इन फर्जी प्रोफाइल्स के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। बातचीत आगे बढ़ने पर वह महिला बनकर पीड़ितों से सेक्स चैट शुरू करता और भरोसा जीतने के लिए पहले खुद कुछ अर्धनग्न तस्वीरें भेजता था। इसके बाद वह पीड़ितों को भी उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो भेजने के लिए राजी कर लेता था।

‘भाई’ बनकर ब्लैकमेलिंग

जैसे ही पवन को पीड़ितों के निजी वीडियो या फोटो मिल जाते, खेल का दूसरा चरण शुरू होता था। वह खुद को उसी लड़की का भाई बताकर पीड़ितों को फोन या मैसेज करता था। वह झूठी कहानी गढ़ता कि “चैट और बदनामी के डर से उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है”। आरोपी पीड़ितों को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और उनके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। लोक-लाज और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित मुंहमांगी रकम देने को तैयार हो जाते थे। इस तरह आरोपी ने अब तक करीब 25 लाख 16 हजार रुपये की ठगी की। इस शातिर गिरोह का पर्दाफाश तब हुआ जब पवन ने अपने ही एक दोस्त को इस जाल में फंसाया। आरोपी ने अपने दोस्त से करीब 6.5 लाख रुपये (1.5 लाख ऑनलाइन और 5 लाख नकद) ऐंठ लिए थे और उस पर लगातार दबाव बना रहा था। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित दोस्त ने सैदाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पवन को दबोच लिया।

डरें नहीं सामने आएं

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 16 जीबी की एक पेनड्राइव जब्त की है, जिसमें 82 पीड़ितों का संवेदनशील डेटा सुरक्षित था। शिकार हुए लोगों की उम्र 22 से 70 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हैदराबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान प्रोफाइल्स पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी के भी साथ अपनी निजी तस्वीरें या वीडियो साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का शिकार होता है, तो डरने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Share This Article