बिना लाइसेंस 4 साल से चल रहा सफाई ठेका

Shekhar Sharma
3 Min Read

सफाई कर्मचारियों के शोषण और अवैध ठेकेदारी का आरोप, सफाई मजदूर संघ ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

मेरठ। नगर निगम मेरठ में पिछले चार वर्षों से बिना वैध लाइसेंस और पंजीकरण के सफाई ठेका संचालित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ‘उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ’ (शाखा: नगर निगम, मेरठ) ने नगर आयुक्त को एक औपचारिक शिकायत पत्र सौंपकर आगरा की फर्म ‘मैसर्स अग्रवाल एण्ड कम्पनी’ (स्वामी: विजय प्रकाश अग्रवाल/विजय कुमार अग्रवाल) पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं और ठेका निरस्त कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शासनादेशों के उल्लंघन का आरोप

सफाई मजदूर संघ द्वारा सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि नगर निगम की स्थायी और निरंतर चलने वाली सफाई व्यवस्था को उत्तर प्रदेश सरकार की अधिसूचना (दिनांक 13.09.1990) के तहत ठेकेदारी प्रथा के लिए पूरी तरह निषिद्ध (Prohibited) घोषित किया गया है। इसके बावजूद, निगम अधिकारियों की कथित मिलीभगत से पिछले चार वर्षों से अवैध रूप से यह ठेका संचालित किया जा रहा है। संघ का आरोप है कि रिक्त पड़े नियमित पदों पर 05.07.1977 के शासनादेश के तहत आवेदकों की नियुक्ति करने के बजाय गैर-कानूनी तरीके से ठेकेदारी चलाई जा रही है।

बिना लाइसेंस और श्रमिक कानूनों की अनदेखी

शिकायत में ठेका फर्म पर श्रम कानूनों के खुले उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं। नगरायुक्त को बताया गया है कि फर्म के पास ‘कॉन्ट्रैक्ट लेबर एक्ट 1970’ की धारा 12 के तहत कभी कोई वैध लाइसेंस नहीं रहा है, और न ही नगर निगम के धारा 7 के पंजीकरण प्रमाण-पत्र पर ठेकेदार का नाम दर्ज है। ठेकेदार द्वारा ईएसआई (ESI), ईपीएफ (EPF) और जीएसटी (GST) पंजीकरण में सभी कार्यरत सफाई कर्मचारियों का विवरण नहीं दर्शाया गया है। संघ ने अनुसूचित जाति (वाल्मीकि) समाज के सफाई कर्मचारियों का आर्थिक व मानसिक शोषण करने, कम वेतन देने, बेगार कराने और उन्हें नियमितीकरण के लाभ से वंचित रखने का आरोप लगाया है।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

सफाई मजदूर संघ ने नगर आयुक्त से मांग की है कि निगम प्रशासन और ठेका फर्म के बीच हुई कथित मिलीभगत की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, नियमों को ताक पर रखकर चल रहे इस ठेके को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले में नगरायुक्त ने जांच कराए जाने की बात कही है।

TAGGED:
Share This Article