बंगाल में बंपर वोटिंग किस के हक में

Shekhar Sharma
4 Min Read

जीत को लेकर टीएमसी और भाजपा के एक दूसरे के विरोध में दावे प्रतिदावे

नई दिल्ली। पश्चिम बंगल विधानसभा के पहले चरण में चुनाव के लिए आज हुए मतदान में करीब 90 फीसदी वोटिंग हुई है। देश के किसी भी राज्य के विधानसभा चुनाव में यह सबसे ज्यादा वोटिंग मानी जा रही है। आमतौर पर यह धारणा है कि जब जब बंपर वोटिंग हुई है सरकार भाजपा ने बनायी है। यह धारणा पश्चिम बंगाल में कितना लागू होगी यह कहना जल्दबाजी होगा। चुनावी नतीजे आने तक इंतजार करना होगा। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का कहना है बंपर वोटिंग एसआईआर के खिलाफ जनादेश होगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंपर वोटिंग पर खुशी जताते हुए इसे टीएमसी की जीत का संकेत बताया है। पहले चरण के मतदान में बांकुरा, बीरभूम, कूच बिहार और अन्य जिलों में 90% से अधिक मतदान दर्ज किया गया है, जो मतदाताओं की भारी भागीदारी को दर्शाता है। राजनीतिक विश्लेषक भारी मतदान को सत्ता के प्रति नाराजगी या भारी समर्थन दोनों से जोड़कर देखते हैं, इसलिए अंतिम परिणाम तक यह निश्चित रूप से कहना मुश्किल है कि यह किसके पक्ष में है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज, वोटिंग का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। 5 तारीख को दीदी को पूरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा। बंगाल में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार बनने जा रही है। आप सभी को बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए कमल के निशान वाला बटन जरूर दबाना चाहिए।

16 जिले 152 सीटें

 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए वोटिंग समाप्त हो गया है। गुरुवार को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले गए हैं।  कुल 1 हजार 478 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में है। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 हजार से अधिक मतदान केन्‍द्र स्‍थापित किए गये हैं। इनमें से सात हजार 384 मतदान केन्‍द्रों को अत्‍यधिक संवेदनशील माना जा रहा है। इस चरण में तीन करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मुख्य मुकाबला मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। वोटिंग 44,376 बूथों हुई है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। 5,444 बूथों का प्रबंधन महिलाओं ने किया और 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मतदान का दूसरा चरण अगले बुधवार को होगा।

मतदान का प्रतिशत

जिला वार मतदान प्रतिशत शाम पांच बजे तक
दक्षिण दिनाजपुर 93.12 % (सबसे अधिक)
कूचबिहार 92.07 %
बीरभूम 91.55 %
मुर्शिदाबाद 91.36 %
जलपाईगुड़ी 91.20 %
पश्चिम मेदिनीपुर 90.70 %
झाड़ग्राम 90.53 %
बांकुड़ा 89.91 %
उत्तर दिनाजपुर 89.74 %
मालदा 89.56 %
अलीपुरद्वार 88.74 %
पूर्व मेदिनीपुर 88.55 %
पुरुलिया 87.35 %
पश्चिम बर्द्धमान 86.89 %
दार्जिलिंग 86.49 %
कालिम्पोंग 81.98 % (सबसे कम)

दीदी के लिए केजरीवाल मैदान में

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाली पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। वह टीएमसी के समर्थन में प्रचार करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगने के वास्ते 26 और 27 अप्रैल को चुनाव प्रचार करेंगे।

Share This Article