
लेबनान पर जारी एयर स्ट्राइक में मारे जा रहे हैं बेगुनाह नागरिक व मासूम बच्चे, इजरायल के रवैये से परेशान और गुस्से में हैं ट्रंप
नई दिल्ली। शांति समझौता साइन होने के बाद तथा शांति समझौते की प्रमुख शर्त लेबनान पर इजरायल की बमबारी पर रोके जाने की बात यूएस खासतौर से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सिद्धांत रूप से स्वीकार कर लिए जाने के बावजूद इजरायल की लेबनान पर एयर स्ट्राइक जारी है। उसके ताजा हमलों में कई नागरिकों व बच्चों की मौत हो गयी है। लेबनान पर किए गए ताजा हमलों से डोनाल्ड ट्रंप इजरायल से खासे नाराज बताए जा रहे हैं। ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से इजरायली रणनीति पर असंतोष जताते हुए कहा है कि लेबनान और सीरिया मामलों में उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी चाहिए, और उन्होंने नेतन्याहू को चेतावनी भी दी है। वहीं दूसरी ओर ईरान ने भी नाराजगी का इजहार किया है। अमेरिका और ईरान दोनों द्वारा युद्धविराम की मांग के बाद हाल के दिनों में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई शांत होने के बावजूद, दक्षिणी लेबनान में इजरायली ड्रोन हमले में कम से कम दो लोग मारे गए हैं। बताया गया है कि ये हमले बुधवार को नबातीह के कफर रेमान के पास तल्लात अल-दबशा सड़क से गुजर रही गाड़ी को निशाना बनकर किए गए। बिन्त जबील क्षेत्र में यतर कस्बे के बाहरी इलाके को तोप के गोलों से निशाना बनाया। हालांकि हमलों के बाद भी जो लेबनान छोड़कर चले गए थे वो नागरिक अब लौटने लगे हैं।
बातचीत और हमले एक साथ
लेबनान में स्थायी शांति के नाम पर वाशिंगटन में लेबनान और इजरायली प्रतिनिधियों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत चल रही है। लेबनान का कहना है कि बातचीत व शांति तभी संभव है जब इजरायली सेना को लेबनान की धरती से पूरी तरह से बाहर कर किया जाए। वहीं दूसरी ओर इजरायल ने दो टूक कह दिया है कि यह फौरी तौर पर संभव नहीं है। इसके लिए उसने शर्त लगायी है कि पहले हिजबुल्ला को पूरी तरह से खत्म करेगा। उसका कहना है कि इवह तभी हटेगा जब हिज़्बुल्लाह पूरी तरह से निशस्त्र हो जाएगा।
नहीं मानेंगे ट्रंप की बात
अमेरिका में मौजूद इजरायली वार्ताकारों ने साफ कर दिया है कि यदि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी लेबनान से इजरायली सेना की वापसी को कहेंगे तो उनकी बात भी नहीं मानी जाएगी। इजरायल के लिए अपने हित पहले हैं। इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने कहा है कि “पहले जब यहाँ आम नागरिक आबादी मौजूद थी, तब सड़कों पर हिजबुल्ला ने बम धमाके किए थे। इजरायली सैनिकों पर हमले हुए थे, इसलिए हम ऐसा होने नहीं देंगे,” काट्ज़ ने आगे कहा। “हम पीछे नहीं हट रहे हैं।”


