
संगठन के पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर बोले महिला संगठन कायम करेगा कीर्तिमान, भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में चुनाव की तैयारियों पर चर्चा
मेरठ। साल 2207 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा के लिए भाजपा के पश्चिम क्षेत्र क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के अध्यक्षता में क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी पर महिला मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि भाजपा की महिलाएं पश्चिम क्षेत्र में संगठन के लिए नया कीर्तिमान स्थापित करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में कार्य करने की अद्भुत ऊर्जा और क्षमता होती है, यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ एवं शक्ति केंद्रों की कार्यकर्ताओं को नियमित बैठकों में साथ लेकर आएं, क्योंकि मजबूत बूथ ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है जिसने महिलाओं को घर की चारदीवारी और चूल्हे तक सीमित न रखकर नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है। ‘संगठन ने हमें चूल्हे से उठाकर चौकी पर बैठाने का काम किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक बहुमत के साथ अवश्य जीतेगी। बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के लिए अधिक से अधिक समय देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी देकर उन पर विश्वास व्यक्त किया है और अब महिलाओं का दायित्व है कि वे अपने कार्यों से इस विश्वास को सार्थक सिद्ध करें तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा एक नदी के समान है, जिसका लक्ष्य निरंतर आगे बढ़ते हुए समंदर तक पहुंचना है। इसी प्रकार प्रत्येक महिला कार्यकर्ता को पार्टी के विचार, सिद्धांत और राष्ट्रहित की भावना को केंद्र में रखकर निरंतर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने महिलाओं से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक महिलाएं सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि बनें और समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं।
ये रहे मौजूद
बैठक का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा वर्षा कौशिक ने किया। बैठक में प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ विकास अग्रवाल, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रावल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंजू वॉरियर, पूर्व राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम,प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा नूतन शर्मा, प्रदेश मंत्री रुचि गर्ग, छवी शर्मा एवं तुलसी भारद्वाज इत्यादि कार्यकर्ता रहे।


