शहर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता, विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कोतवाली में तहरीर
राष्ट्रगान के दौरान मंच से चले जाने के का विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर आरोप
मेरठ/ महानगर कांग्रेस मेरठ के अध्यक्ष रंजन शर्मा जी के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ थाना कोतवाली, मेरठ में तहरीर देकर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान के संबंध में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 22 अगस्त को उन्नाव में आयोजित ध्वजारोहण एवं झंडा सलामी परेड के दौरान राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही विधानसभा अध्यक्ष मंच से उतरकर चले गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिससे देशभर में लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
राष्ट्रगान देश की आन बान शान
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा, ‘राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान के प्रतीक हैं। इनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में इस प्रकार की घटना हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए हमेशा मजबूती से खड़ी रही है। ‘ उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता देश के राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का अपमान किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसी मांग को लेकर थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर घटना की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई एवं मुकदमा पंजीकृत किए जाने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है और राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान के सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा, सलीमुद्दीन शाह, कमल जायसवाल, चौधरी शमसुद्दीन, के.डी. शर्मा, तेजपाल डाबका, राजकुमार शर्मा, सरदार वीर सिंह, प्रवीन कुमार, निसार अब्बासी, डॉ. इकबाल अहमद मोहिउद्दीन, सचिन शर्मा, नरेश नेगी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


