
अफसरों पर देवबंद के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप, सचिन पर मुकदमे के खिलाफ बरसे यति
मेरठ। फायर ब्रांड हिन्दू नेता सचिन सिरोही पर मुकदमा दर्ज किए जाने पर यति नरसिंम्हानंद ने कठोर शब्दों में नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने मेरठ के पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सचिन सिरोही के साथ कोई भी अप्रिय वारदात होती है तो उसके लिए वो अफसर जिम्मेदार होंगे जिनके निर्देश पर यह मुकदमा लिखा गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जैसे सीएम हैं, उसके बाद भी यदि पुलिस प्रशासन के कुछ अफसर हिन्दुओं को दबाने का काम करेंगे तो इसको सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह केवल सचिन सिरोही के लिए मेरठ पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सिस्टम को चलाने वाले यह ना सोचें कि मुकदमा दर्ज कर उन्होंने बहुत बड़ा तीर मार लिया है। उन्होंने कहा कि यदि सचिन पर कोई कार्रवाई तो उनके संगठन के हजारों कार्यकर्ता कमिश्ररी को घेर लेंगे। उन्होंने कहा कि सचिन सिरोही मेरठ में हिन्दुत्व का प्रखर चेहरा बन गया है। वह केवल मेरठ ही नहीं दिल्ली एनसीआर समेत पूरे यूपी में हिन्दुत्व का पोस्टर बॉय बना हुआ है। यह बात कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि सचिन के इस नए अवतार से हिन्दुओं के नाम पर अपनी दुकान चलाने वाले कुछ लोग जरूर परेशान हैं, लेकिन उनका पूरा समर्थन सचिन और उसके परिवार के साथ है।
यह है मामला
सचिन सिरोही के खिलाफ थाना सिविल लाइन में रेलवे रोड की केसरगंज मस्जिद प्रकरण को लेकर पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल पिंकी चौधरी ने केसरगंज मस्जिद के बाहर हनुमान चालिसा के पाठ का एलान किया था। जिस दिन पिंकी ने पहुंचने का एलान किया था,उससे पहले ही पुलिस ने सचिन सिरोही को हाउस अरेस्ट कर लिया। हालांकि सचिन ने स्पष्ट किया कि मस्जिद के सामने हनुमान चालिसा के पाठ के एलान से उसका कुछ भी लेना देना नहीं है। इसके बाद उनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में पुलिस की ओर से मुकदमा लिख लिया गया।


