माल रोड पर राजकीय पुष्प पलाश का एवन्यू प्लांटेशन कराने की पहल, वसंत में दिखेगा टेसू का सौंदर्य
मेरठ। उत्तर प्रदेश के राजकीय पुष्प पलाश (ढाक/टेसू) के संरक्षण एवं संवर्धन तथा आमजन को इसके प्राकृतिक और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराने की दिशा में हरितिमा पर्यावरण संस्थान ने महत्वपूर्ण पहल की। संस्था की ओर से डॉ. सुमित उपाध्याय, डॉ. तरुण गोयल एवं निकुंज गर्ग ने जीओसी सब एरिया मेरठ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मेजर जनरल सुमित राणा को पलाश का पौधा भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल ने माल रोड पर पलाश के पौधों का पंक्तिबद्ध एवन्यू प्लांटेशन कराने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रार्थना-पत्र सौंपा। उद्देश्य है कि आने वाले वसंत ऋतु में टेसू के आकर्षक नारंगी फूलों से माल रोड की सुंदरता निखरे और आमजन को उत्तर प्रदेश के राजकीय पुष्प के प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिले। संस्था ने कहा कि माल रोड पर पलाश का एवन्यू प्लांटेशन प्राकृतिक विरासत के संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन और पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक अनुकरणीय पहल होगी।


