तितौरिया की अधिकारियों को चेतावनी

Shekhar Sharma
2 Min Read

बोले भारी जलभराव और बिजली संकट का समाधान ना हुआ तो आंदोलन, किसान नेता तितौरिया की अधिकारियों को चेतावनी

मेरठ। भाकियू इंडिया के अध्यक्ष संदीप तितौरिया ने जल भराव और बिजली कटौती की समस्या का समाधान ना किए जाने पर अधिकारियों को आंदोलन की चेतावनी दी है। माधवपुरम स्थित कैंप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में संदीप तितोरिया ने कहा कि थोड़ी सी बारिश के बाद ही माधवपुरम समेत पूरे महानगर में गंभीर जलभराव और बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कॉलोनी की सड़कों, गलियों और दर्जनों घरों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी घुसने के कारण घरेलू सामान, वाहन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस जलभराव और अव्यवस्था के कारण करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति ठप होने से संकट और गहरा गया है।

सीएम योगी से मांग

भाकियू इंडिया अध्यक्ष ने एक ज्ञापन सीएम योगी को भेजकर मांग की है कि प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर तत्काल आर्थिक व राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों में तुरंत भारी पंप लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में ठप पड़ी बिजली व्यवस्था को तुरंत बहाल किया जाए। भविष्य के लिए जल निकासी की स्थायी और वैज्ञानिक व्यवस्था की जाए, जिसमें नालों की सफाई, सीवर लाइन की जांच और जल निकासी मार्गों का विस्तार शामिल हो।

अधिकारियों को चेतावनी

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो भारतीय किसान यूनियन (इंडिया) स्थानीय जनता के हक के लिए प्रशासन के समक्ष उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।

TAGGED:
Share This Article