2017 से पहले कांवड़ियों का होता था अपमान, अब कांवड़ियों सम्मान और सत्कार, शारदा बोले मोदी योगी ने दिया सनातन को गौरव
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने शुक्रवार को हापुड़ अट्टा स्थित भगत सिंह मार्केट व्यापार संघ के कांवड़ सेवा शिविर, बेगमपुर में नितिन बालाजी के कांवड़ सेवा शिविर, मोदीपुरम-पल्लवपुरम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील भराला के कांवड़ सेवा शिविर तथा वैश्य समाज मोदीपुरम-पल्लवपुरम के कांवड़ सेवा शिविर सहित अनेकों शिविरों में पहुंचकर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर शारदा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की आस्था, तपस्या, श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति अटूट समर्पण का विराट स्वरूप है।
उत्तर प्रदेश की जनता भूली नहीं
शारदा ने कहा कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में कांवड़ियों के साथ जिस प्रकार का गंदा व्यवहार होता था अपमान होता था और उनकी सनातन धर्म की आस्था को जिस तरह अपमानित किया जाता था, वह उत्तर प्रदेश की जनता भूली नहीं है, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ियों का जिस प्रकार स्वागत, सम्मान और सत्कार हो रहा है, वह बताता है कि सरकार की सोच में कितना बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम हमारी मर्यादा हैं, भगवान श्रीकृष्ण हमारी धर्मनीति हैं और भगवान शिव हमारी आस्था, तपस्या और त्याग के प्रतीक हैं; मां गंगा सनातन संस्कृति की जीवनधारा हैं, इसलिए सनातन की आस्था का सम्मान करना भारत की आत्मा का सम्मान करना है। शारदा ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत की धरती पर सनातन की आस्था का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिवभक्त कांवड़ियों की श्रद्धा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह लग रहे कांवड़ सेवा शिविर सेवा, समर्पण और सनातन संस्कारों की जीवंत मिसाल हैं; कांवड़ियों को भोजन, जल, चिकित्सा और विश्राम उपलब्ध कराना केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ की सेवा है।


