मरीजों के लिए नहीं प्याज के लिए एम्बुलेंस

Shekhar Sharma
3 Min Read

एमजी गजब है उसकी स्वास्थ्य सेवाएं अजब है, सरकारी एम्बुलेंस मरीजों के लिए नहीं प्याज की ढुलाई के लिए है

नई दिल्ली। देश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली ना तो सरकार से छिपी है ना ही सरकार चुनने वाली पब्लिक से। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पब्लिक तो और भी बेहतर ढंग से जानती है क्योंकि पब्लिक आए दिन बीमार स्वास्थ्य सेवाओं से दो-चार होती है। यहां बात हो रही है सरकारी एम्बुलेंस की जो मरीजों के लिए फ्री में मुहैय्या कराए जाने का दावा तमाम राज्य सरकारें करती हैं, लेकिन मरीजों के बजाए एम्बुलेंस में प्याज की ढुलाई होती है। मरीज भले ही ठेले पर डालकर लाए जाएं या इससे भी बुरी हालत में लाए ले जाए जाएं, उनके लिए एम्बुलेंस मय्यसर नहीं।

एमपी अजब है स्वास्थ्य सेवाएं गजब हैं

एमपी अजय है और उसकी स्वास्थ्य सेवाएं गजब हैं यह एक तंज है मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जहाँ एक तरफ गंभीर मरीजों, हादसों के घायलों और प्रसूताओं को आपात स्थिति में एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, वहीं दूसरी तरफ इन जीवनरक्षक वाहनों का इस्तेमाल सब्जी मंडी में प्याज की सप्लाई के लिए किया जा रहा है। शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर पोरसा कस्बे की सब्जी मंडी का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एम्बुलेंस में लदी थी प्याज की बोरियां

वायरल वीडियो में पोरसा की सब्जी मंडी में दो एंबुलेंस खड़ी दिखाई दे रही हैं, जो प्याज की बोरियों से पूरी तरह लदी हुई हैं। मंडी में एंबुलेंस से प्याज की बोरियां खाली की जा रही थीं, तभी वहां मौजूद एक दुकानदार ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद आमजन में भारी आक्रोश है और लोग व्यवस्था पर तीखे सवाल उठा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. पदमेश उपाध्याय ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये दोनों एंबुलेंस किस विभाग या अस्पताल से संबंधित थीं।

Share This Article