विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का किया स्वागत
नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह तमिलनाडु सरकार और हिंदू आस्था के विरुद्ध सक्रिय राजनीति के मुंह पर करारा तमाचा है। न्यायपालिका की गरिमा, कानून के शासन और करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक आस्था की पुनर्स्थापना की दिशा में यह अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।
नहीं जलाने दिया गया दीप
उन्होंने कहा कि 20 नवंबर को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने के लिए दिए गए एक स्पष्ट निर्देश के बावजूद 24 नवंबर को दीप नहीं जलाया गया। कुछ हिंदू द्रोही राजनीतिक दलों और प्रशासनिक तंत्र ने मिलकर न्यायालय के आदेश को निष्प्रभावी करने का जो दुस्साहस किया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था और न्यायपालिका की प्रतिष्ठा को चुनौती देने वाला था। सर्वोच्च न्यायालय ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। न्यायालय ने मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर मद्रास उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीशों—न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है। सीआरपीएफ (CRPF) को मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है तथा श्रद्धालुओं को दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर दीप जलाने की अनुमति दी गई है।
कारण बताओ नोटिस
न्यायालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और मदुरै के जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों तथा मंदिर न्यासी मंडल के सदस्यों को अवमानना के संबंध में कारण बताओ नोटिस भी जारी किए हैं। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया अपने 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर की गई अवहेलना और मदुरै में प्रशासनिक अराजकता पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। साथ ही, अधिकारियों से संबंधित पत्राचार, ईमेल और अन्य संवादों का विवरण भी मांगा गया है।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि कोई भी सरकार, राजनीतिक दल अथवा प्रशासनिक अधिकारी न्यायपालिका से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आशा है कि अब कम से कम तमिलनाडु में भी हिंदू आस्था और धार्मिक विश्वासों का सम्मान तथा कानून का शासन पुनर्स्थापित होगा। राज्य सरकार अपनी पिछली गलतियों से सबक लेते हुए यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में न्यायालय के आदेशों और हिंदू धार्मिक परंपराओं की अवहेलना का ऐसा दुस्साहस दोबारा न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवमानना याचिका पर आगे की सुनवाई अभी शेष है और संबंधित अधिकारियों को 15 दिसंबर को सर्वोच्च न्यायालय में उपस्थित होना है, अतः अंतिम न्यायिक निर्णय की प्रतीक्षा रहेगी। तथापि, आज सर्वोच्च न्यायालय ने जिस दृढ़ता से हस्तक्षेप किया है, वह न्यायपालिका की गरिमा, कानून के शासन और हिंदू आस्था की पुनर्स्थापना की दिशा में स्वागतयोग्य कदम है। आलोक कुमार ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का ऐतिहासिक हस्तक्षेप तमिलनाडु सरकार और हिंदू विरोधी राजनीति के मुंह पर करारा तमाचा; तिरुप्परंकुंद्रम में न्याय और हिंदू आस्था की पुनर्स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।


