NCRTC को ग्रीन चैंपियन अवॉर्ड

Shekhar Sharma
8 Min Read

पर्यावरण अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय स्तर पर पहचान

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सीआईआई इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) के 13वें संस्करण के प्रतिष्ठित आईजीबीसी ग्रीन चैंपियन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। एनसीआरटीसी को यह सम्मान ‘भारत में ग्रीन बिल्डिंग अभियान का नेतृत्व करने वाले सरकारी संगठन’ की श्रेणी में, देश के शहरी और क्षेत्रीय परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर में पर्यावरण अनुकूल निर्माण पद्धतियों और आईजीबीसी की विभिन्न रेटिंग प्रणालियों को अपनाकर सतत विकास को बढ़ावा देने में उसके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

आईजीबीसी के संस्थापक सदस्यों में शामिल एनसीआरटीसी ने पर्यावरण अनुकूल परियोजना के निर्माण और संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता दिखाई है। इसी दिशा में एनसीआरटीसी द्वारा किए जा रहे प्रमुख प्रयासों में नमो भारत स्टेशनों, डिपो और अन्य भवनों की छतों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित करना शामिल है। एनसीआरटीसी का लक्ष्य इससे कुल 15 मेगा वॉट पीक (MWp) सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करना है, जिसमें से वर्तमान में 8.2 मेगा वॉट पीक सौर ऊर्जा उत्पादित की जा रही है। इसके अलावा, एनसीआरटीसी ने दुहाई स्थित नमो भारत डिपो में देश की अपनी तरह की पहली ‘सोलर ऑन ट्रैक’ परियोजना का क्रियान्वयन किया है। नमो भारत कॉरिडोर पर स्टेशनों, वायाडक्ट और डिपो में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की गई है। यह सभी प्रयास पर्यावरण संरक्षण के प्रति एनसीआरटीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं और पर्यावरण अनुकूल सिद्धांतों को परियोजना में शामिल करने के उसके व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।

देश में पहला 110 मेगा वॉट क्षमता वाला कैप्टिव सोलर पावर प्लांट

इसी दिशा में एनसीआरटीसी देश में अपनी तरह का पहला 110 मेगा वॉट क्षमता वाला कैप्टिव सोलर पावर प्लांट भी स्थापित कर रहा है। यह परियोजना शहरी परिवहन प्रणालियों में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण की दिशा में एक नया मानक स्थापित करेगी। इस प्लांट के शुरू होने के बाद दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की लगभग 60 प्रतिशत बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी हो सकेगी। इससे कॉरिडोर का संचालन स्वच्छ और विश्वसनीय ऊर्जा पर आधारित होने के साथ-साथ दीर्घकालिक रूप से अधिक ऊर्जा-कुशल बनेगा।

ग्रीन चैंपियन अवॉर्ड मिलने पर प्रसन्नता और आभार व्यक्त करते हुए एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक श्री शलभ गोयल ने कहा, “नमो भारत परियोजना की परिकल्पना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण और ट्रैफिक जाम जैसी पर्यावरण समस्याओं के एक दीर्घकालिक समाधान के लिए रणनीतिक पहल के रूप में की गई थी। परियोजना की शुरुआत से ही सतत विकास इसका एक प्रमुख सिद्धांत रहा है। एनसीआरटीसी अपने इंफ्रास्ट्रक्चर के हर स्तर पर पर्यावरण अनुकूल निर्माण पद्धतियों, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे उपायों को शामिल कर रहा है। हमारा प्रयास भारत में क्षेत्रीय परिवहन के लिए स्वच्छ और कम कार्बन उत्सर्जन वाले भविष्य की नींव रखना है। यह सम्मान हमें इस दिशा में अपने मिशन को और दृढ़ता से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।”

एनसीआरटीसी के नाम अब तक 31 आईजीबीसी-पंजीकृत परियोजनाओं की उपलब्धि दर्ज है। इनमें नमो भारत स्टेशन, डिपो और रिसीविंग सब-स्टेशन (आरएसएस) शामिल हैं। ये परियोजनाएं ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति एनसीआरटीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इनमें मुरादनगर और गाजियाबाद स्थित रिसीविंग सब-स्टेशन तथा आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर और दुहाई नमो भारत स्टेशन के साथ दुहाई स्थित डिपो प्रमुख हैं। एक और उल्लेखनीय उपलब्धि के तहत साहिबाबाद और गुलधर नमो भारत स्टेशन भारत में आईजीबीसी की नेट-ज़ीरो एनर्जी (ऑपरेशंस) रेटिंग हासिल करने वाले पहले स्टेशन हैं। ये परियोजनाएं इस बात का उदाहरण हैं कि एनसीआरटीसी आधुनिक परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना बनाने, उसके विकास और संचालन के हर चरण में सतत विकास के सिद्धांतों को किस तरह शामिल कर रहा है।

नेटवर्क का लगातार विस्तार

इस उपलब्धि पर सीआईआई इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. शेखर रेड्डी ने कहा, “’भारत में ग्रीन बिल्डिंग अभियान का नेतृत्व करने वाले सरकारी संगठन’ श्रेणी में एनसीआरटीसी को आईजीबीसी ग्रीन चैंपियन के रूप में सम्मानित किया जाना आधुनिक परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में सतत विकास को शामिल करने की उसकी उत्कृष्ट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आईजीबीसी के संस्थापक सदस्य के रूप में एनसीआरटीसी ने दिखाया है कि सरकारी संगठन विभिन्न प्रकार की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में ग्रीन बिल्डिंग प्रथाओं को अपनाकर दूसरों के लिए मिसाल कायम कर सकते हैं। 23 स्टेशनों सहित 31 आईजीबीसी-पंजीकृत परियोजनाएं, विभिन्न रेटिंग प्रणालियों को अपनाने और नेट-ज़ीरो परियोजनाओं के विकास की पहल, सतत इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति एनसीआरटीसी के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती हैं। भारत में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में ये पहलें विशेष महत्व रखती हैं। एनसीआरटीसी के प्रयासों ने सार्वजनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े संगठनों के लिए एक महत्वपूर्ण मानक स्थापित किया है और सरकारी क्षेत्र में ग्रीन बिल्डिंग प्रथाओं को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए प्रेरित किया है।”

ग्रीन बिल्डिंग अभियान को आगे बढ़ाने को अवॉर्ड

आईजीबीसी ग्रीन चैंपियन अवॉर्ड उन संस्थानों और संगठनों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने भारत में ग्रीन बिल्डिंग अभियान को आगे बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान दिया है और अग्रणी भूमिका निभाई है। इस पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे संगठनों को सम्मानित करना है, जिन्होंने सतत विकास के लक्ष्यों को अपनाया है और जिनके प्रयास ग्रीन बिल्डिंग प्रथाओं को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए दूसरों को भी प्रेरित कर सकते हैं। ग्रीन बिल्डिंग के क्षेत्र में संस्थागत नेतृत्व को दिया जाने वाला यह आईजीबीसी के प्रमुख सम्मानों में से एक है।

पुरस्कार विजेताओं का चयन आईजीबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वाली प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया गया। इन ग्रीन चैंपियंस के नेतृत्व और प्रतिबद्धता ने भारत को ग्रीन बिल्डिंग के क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देश में ग्रीन बिल्डिंग का कुल क्षेत्रफल अब 16.55 बिलियन वर्ग फुट तक पहुंच चुका है। एनसीआरटीसी को मिला यह सम्मान देश के सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में सरकारी संगठनों की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करता है। बड़े पैमाने पर सार्वजनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में पर्यावरण अनुकूल सिद्धांतों को शामिल करने के एनसीआरटीसी के निरंतर प्रयास यह दर्शाते हैं कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क केवल बेहतर कनेक्टिविटी और आवागमन का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

TAGGED:
Share This Article