इत्तेफाक या! कमल दत्त के बाद अब धर्मेन्द्र भारद्वाज

Shekhar Sharma
4 Min Read

बड़ी संख्या में भाजपाइयों के साथ पीवीवीएनएल एमडी से मिलने पहुंचे एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्धाज, शहर में बिजली संकट पर की चर्चा, कमलदत्त भी मिले थे एमडी से

मेरठ। प्रदेश की योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री भले ही यूपी को बिजली आपूर्ति में अव्वल बताने का दम भरते हों, लेकिन मेरठ के संदर्भ में यदि बात करें तो यहां बिजली सप्लाई की हालत बेहद खराब है। इसी के चलते शहर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर आज मंगलवार को एलएमसी धर्मेन्द्र भारद्वाज कार्यकर्ताओं व नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष अनिल वर्मा व पार्षद राजीव काले समेत कई सीनियर भाजपाइयों को लेकर पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता से मिलने को पहुंचे। उन्होंने रवीश गुप्ता से शहर विधानसभा क्षेत्र में बिजली सप्लाई की स्थिति को सुधारने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बिजली संकट से लोग परेशान हैं। इसको शीघ्र ठीक किया जाना चाहिए। पीवीवीएनएल एमडी ने इसको लेकर किए जा रहे कार्यों व प्रयासों की जानकारी भाजपा नेताओं को दी और बताया कि शीघ्र ही स्पलाई समान्य हो जाएगी। यहां यह भी याद दिला दें कि एक दिन पहले शहर विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा ने पीवीवीएनएल एमडी से बिजली संकट को लेकर मुलाकात की। उनके साथ संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता व व्यापारी नेता सरदार दलजीत सिंह भी मौजूद थे।

शहर विधानसभा और टिकट की दावेदारी

धर्मेन्द्र भारद्वाज और कमल दत्त शर्मा को लेकर पार्टी में आम धारणा है कि दोनों ही शहर विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार है। दोनों ही ब्राह्मण कोटे से टिकट मांग रहे हैं। दरअसल ब्राह्मण कोटे की बात भी कुछ नहीं। पार्टी ने शहर विधानसभा की सीट पहले से ब्राह्मणों के खाते में रखी है भले ही वहां ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या निर्णायक भले ही ना हो, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि कमलदत्त या धर्मेन्द्र भारद्वाज में से किसी एक को टिकट संभव है। एक दावेदार और बताए जा रहे हैं लेकिन मेरठी भाजपाई उन्हें अभी गंभीरता से लेने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि उनकी उछलकूद में कोई कमी नहीं। लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो मुकाबला धर्मेन्द्र भारद्वाज और कमलदत्त के बीच है। यही कारण है कि शहर में बिजली संकट को लेकर दोनों मैदान में उतर आए। भाजपा सूत्रों फिलहाल पलड़ा बेहद मामूली सा एलएलसी का भारी बता रह हैं और इस भारीपन की वजह पश्चिम बंगाल चुनाव में किया गया परिश्रम है जिसका प्रतिफल शहर विधानसभा से टिकट के रूप में मिल जाने के कयास करीबी भी लगा रहे हैं। हालांकि कुछ कार्यकर्ता यह भी कहते हैं कि भाजपा सत्ताधारी पार्टी है। इसमें स्थिति एक अनार सौ बीमार की है। एन मौके पर ना जाने किस की लाटरी खुल जाए।

बिजली संकट से बेहाल

इसमें कोई दो राय नहीं कि शहर में बिजली संकट है। बिजली संकट के चलते ही शहर विधानसभा के कोतवाली खंदक बाजार के खद्दर व्यापारियों ने सप्लाई में सुधार ना होने की स्थिति में प्रतिष्ठानों की चाबियां डीएम व पीवीवीएनएल एमडी को सौंप दिए जाने की बात कही है। बाजार के प्रधान व संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री भाजपा नेता अंकुर गोयल ने बिजली सप्लाई में आयी बाधा की वजह से व्यापारियों को उठानी पड़ी रही मुसीबत पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए इसमें सुधार किए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि सप्लाई नहीं सुधरेगी तो फिर कारोबार करना मुश्किल होगा। ऐसे में व्यापारियों के सामने प्रतिष्ठानों की चाबियां सौंपने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं।

Share This Article