कैंट विधायक ने किया बूथों का निरीक्षण

Shekhar Sharma
2 Min Read

पटेल नगर व छावनी मंडल के बूथों इलाके में घर-घर जाकर मतदाताओं की की मदद

मेरठ। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत चल रहे मतदाता सूची के ‘विशेष पुनरीक्षण अभियान 2027Ó के अंतर्गत आज मेरठ कैंट विधानसभा के विधायक अमित अग्रवाल ने क्षेत्र के पटेल नगर मंडल और छावनी मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मतदान केंद्रों (बूथों) का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक अमित अग्रवाल ने बूथ स्तर पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा वहां मौजूद बीएलओ एवं बूथ अध्यक्षों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और सूची में मौजूद त्रुटियों का समय रहते निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

घर-घर जाकर संपर्क

बूथों के निरीक्षण के उपरांत विधायक अमित अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की टोली के साथ क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क अभियान भी चलाया। इस दौरान उन्होंने स्वयं क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर मतदाता सूची में उनके और उनके परिवारजनों के नाम खोजने में मदद की, तथा नए युवा मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक फॉर्म भरवाए। इस अवसर पर कैंट विधायक ने कहा, ‘लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कैंट विधानसभा के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। निरीक्षण एवं जनसंपर्क के दौरान पटेल नगर मंडल और छावनी मंडल के अध्यक्ष, पार्षदगण, बूथ प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article