33′ महिला आरक्षण के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रेस वार्ता
मेरठ। महिलाओं को राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में उचित प्रतिनिधित्व और नेतृत्व का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के समर्थन में आज भाजपा महिला मोर्चा की पश्चिम उत्तर प्रदेश श्रीमती अचला सिंह ओर से सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। श्रीमती अचला सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिला सशक्तिकरण, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया और नेतृत्व में भागीदार बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण महिलाओं को संसद एवं विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह देश की करोड़ों महिलाओं की आकांक्षाओं को नई दिशा देने और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने का माध्यम बनेगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज महिलाएँ शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। ऐसे में राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिला आरक्षण की पहल का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि देश की महिलाएँ आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और नीति निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। महिला मोर्चा ने महिला आरक्षण के विषय पर सरकार का पक्ष रखते हुए इस पहल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की भागीदारी ही सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पश्चिम उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री मीनल गौतम, पूजा सिंह एवम् डॉ ऋचा भादौरिया के साथ साथ मेरठ महानगर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान जी एवं मेरठ जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती अनीता सिंह गुर्जर जी सहित क्षेत्रीय मंत्री तुलसी भारद्वाज, सविता त्यागी, अमृता सिंह मौजूद रहीं।


