हर माह 1.23 करोड़ खर्च हाेंगे शहर की सफाई पर

Shekhar Sharma
5 Min Read

जायजा लेने को आगरा की अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी के प्रतिनिधि नगर निगम के दिल्ली रोड वाहन डिपो पर पहुंचे, निगम के आउटसोर्स चालकों ने किया विरोध, ठेका निरस्त किए जाने की मांग

मेरठ। महानगर की महज कुछ ही सड़कों की सफाई के नाम पर नगर निगम प्रशासन हर माह 1.23 करोड़ खर्च करेगा। इसके लिए आगरा की अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी को ठेका दिया गया है। कंपनी के प्रतिनिधि 25 मई से शुरू होने वाले ठेके के काम के सिलसिले में दिल्ली रोड वाहन डिपो पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें नगर निगम के आउटसोर्स ड्राइवरों के विरोध का समाना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी आउटसोर्स ड्राइवर अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी को दिए गए ठेके को निरस्त किए जाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा काम शुरू किए जाने के बाद उनको काम से हटा दिया जाएगा क्योंकि कंपनी अपने लोगों को गाड़ियों पर रखेगी। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने दिल्ली रोड वाहन डिपो पर सभा भी की। वहीं दूसरी ओर अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी के प्रतिनिधियों ने वाहन डिपो पर जितने भी उपकरण, कर्मचारी व गाड़ियां हैं उनकी सूची बनायी है। ये लोग सूरजकुंड वाहन डिपो पर भी पहुंचे और बाद में नगरायुक्त के साथ मिटिंग भी की। इसके चलते आज नगरायुक्त को पूरा शेड्यूल काफी व्यस्त रहा। आरटीआई एक्टिविस्ट पंकज चिंडालिया ने नगरायुक्त से मांग की है कि किसी भी डिपो के किसी भी कर्मचारी को ना निकाल जाए। साथ ही उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को संविदा/अस्थायी किए जाने की मांग की है।

हटाए जाएंगे कर्मचारी

आगरा की अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी के द्वारा 25 मई से काम की शुरूआत की जानी निश्चित हुई है। उनके काम की शुरूआत के साथ ही जिन कर्मचारियों से अब तक यहां काम लिया जा रहा था उनको हटा दिया जाएगा। दिल्ली रोड पर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का भी यही कहना है। हालांकि नगरायुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि जो कर्मचारी हटाए जाएंगे उन्हें महानगर में अन्य स्थानों पर काम दिया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने आगरा की अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी को महानगर के मुख्य मार्गों की सफाई का ठेका दिया है। इसकी लंबाई करीब 110 किलोमीटर बनती है।

इंसान नहीं मशीनों से सफाई

जिन मुख्य मार्गों का ठेका आगरा की अग्रवाल एंड अग्रवाल कंपनी को दिया गया है, वहां 90 फसदी काम मशीनें करेंगी। यानि बड़ी संख्या में कर्मचारियों को हटा दिया जाएगा। यहां बता दें कि हापुड़ अड्डा से तेजगढ़ी चौराहा से एल ब्लाक तिराहा तक। तेजगढ़ी चौराहा से एलएलआरएम कालेज तक, एल ब्लाक तिराहा से बिजली बंबा बाइपास तक, बच्चा पार्क चौराहा से हापुड़ अड्डा तक, ईव्ज चौराहा से बच्चा पार्क वाया इस्ट एंड वेस्ट कचहरी रोड, कमिश्नरी आफिस से कमिश्नरी आवास, एलेक्जेंडर क्लब से अंबेडकर चौराहा, मोहनपुरी चौराहा से इमली चौराहे होते हुए डीएम आवास, कमिश्नरी आवास से तेजगढ़ी चौराहा, गंगानगर से वाया मीनाक्षीपुरम मोड़ आईआईएमटी चौराहा, दिल्ली रोड -फुटबाल चौराहा से बेगमपुल चौराहा, शहर घंटाघर से छतरीपीर तिराहा, घंटाघर से रेलवे स्टेशन, इंदिरा चौक से खैरनगर चौराहा, रोहटा रोड से मेरठ-रुड़की-हरिद्वार हाईवे बाईपास, शाॅप्रिक्स माल से वाया बागपत रोड बागपत फ्लाईओवर और -ट्रांसपोर्ट नगर रोड की सफाई का काम सौंपा गया है।

हरे भरे पेड़ों पर आएगी आफत

ठेका लेने वाली कंपनी की मार पहले हरे भरे पेड़ों पर पड़ेगी, उसके साथ ही जो आउटसोर्स के कर्मचारी लगे हैं उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। सफाई कार्य के साथ-साथ मुख्य सड़कों के किनारे व डिवाइडर के पेड़ों की छंटाई, डिवाइडर किनारे की धूल की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से, सड़क किनारे एक मीटर तक चौड़े नालों की सफाई करना भी ठेके के शर्तों में शामिल है। डिवाइडर के साथ दोनों तरफ की सड़कों की मैनुअल व मशीन से सफाई, वीआइपी मूवमेंट व त्योहार पर दिशा-निर्देशों पर सफाई कार्य करना होगा।मुख्य सड़कों किनारे स्थित बाजारों में सफाई कार्य करना होगा। कंपनी दो शिफ्टों में सफाई का काम करेगी।

TAGGED:
Share This Article