
वैश्य समाज मेरठ महानगर का 33वां मेधावी अभिनंदन समारोह भव्यता के साथ संपन्न, हजारों वैश्य बंधुओं की रही सहभागिता
मेरठ। वैश्य समाज मेरठ महानगर (पंजीकृत) की ओर से रविवार को बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, डी-ब्लॉक, शास्त्रीनगर में 33वें मेधावी वैश्य छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 500 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथ ही इनमे से टॉपर रहने वाले छह छात्र-छात्राओं को मुकुल सिंघल और उनकी धर्मपत्नी के द्वारा 1100-1100 रुपये की धनराशि के चेक भी सौंपे गए। वहीं सामाजिक उत्थान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणि’ उपाधि से अलंकृत किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, सामाजिक एकता और गौरव का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार गुप्ता एवं शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र तथा उद्घाटनकर्ता राकेश गर्ग एवं नीरज मित्तल (उपाध्यक्ष, व्यापार संघ मेरठ) द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता वैश्य समाज मेरठ महानगर के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने की। मंच संचालन अजय गुप्ता एवं महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के मार्गदर्शक एवं विशिष्ट अतिथि मेरठ कैंट विधायकअमित अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर आर.सी गुप्ता, देवेंद्र गोयल एवं प्रोफेसर विकास गोयल तथा पंकज कुमार अग्रवाल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा को समाज की प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य का महत्वपूर्ण आधार बताया।
पांच विभूतियों को मिला प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणि’ सम्मान
समारोह का विशेष आकर्षण समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों का सम्मान रहा। इसके अंतर्गत इंजीनियर जेपी गर्ग, पवन मित्तल, ज्ञान प्रकाश गर्ग, डॉ. राकेश कुमार बंसल एवं मनोज कुमार वार्ष्णेय को ‘वैश्य शिरोमणि’ की प्रतिष्ठित उपाधि से अलंकृत किया गया। सम्मानित विभूतियों को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए सराहना एवं शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान ‘वैश्य एकता’ स्मारिका का विमोचन भी किया गया। स्मारिका के माध्यम से समाज की एकता, संगठनात्मक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं सामाजिक सरोकारों को सामने लाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में हजारों की संख्या में वैश्य समाज के लोगों, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों तथा मेरठ नगर निगम के सभी वैश्य सभासदों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों के सम्मान के दौरान अभिभावकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरा परिसर सामाजिक एकता, उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।
ये रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में के मौके पर जो मौजूद रहे उनमें अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता, मुख्य संयोजक अशोक कुमार मित्तल, महामंत्री प्रमोद गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी, संयोजिका गीता जिंदल, उप महामंत्री प्रवीण कुमार गुप्ता, पारस गुप्ता, सरिता गुप्ता, डॉ. अमित गुप्ता, अजय गुप्ता, निमेष गोयल, अमित अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, श्रीमती सरिता गुप्ता, श्रीमती प्रभा गुप्ता, श्रीमती गीता अग्रवाल, श्रीमती गीता गर्ग एवं मुकुल सिंघल आदि भी शामिल हैं। समारोह में कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।


