सरकारी जमीन पर बनीं चार फैक्ट्री जमीदोज

Shekhar Sharma
5 Min Read

नगर निगम की कार्रवाई से काशी में मचा रहा हड़कंप, प्रवर्तन दल से उलझे लोग, अफसरों का हमला पहुंचा

मेरठ/ परतापुर के काशी में नगर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। यहां सरकारी चारागाह की जमीन पर कब्जा कर बनायी गयी चार फैक्ट्रियां जमीदोज कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस दौरान निगम प्रवर्तन दल से कुछ लोग उलझ गए, लेकिन उन्हें खदेड़ दिया गया। निगम के ध्वस्तीकरण दस्ते और प्रवर्तन दल की संयुक्त कार्रवाई से सरकारी जमीन पर गिद्ध दृष्टि रखने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। यह कार्रवाई कल भी जारी रह सकती है।

अफसरों का हमला पहुंचा

काशी में आज सुबह नगर निगम प्रवर्तन दल के कर्नल संजीव सिंह तोमर और सहायक नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी भोलानाथ गौतम के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण दस्ता जब मौके पर पहुंचा तो वहां भारी संख्या में लोग जमा हो गए। इनकी मंशा निगम की कार्रवाई के विरोध की थी, लेकिन प्रवर्तन दल आगे आ गया और जो लोग विरोध कर रहे थे उनको वहां से खदेड़ दिया गया। यहां पर व्यापक रूप से कार्रवाई करते हुए निगम की जेसीबी ने चार फैक्टियां तोड़ीं। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल के सभी सदस्य एवं लेखपाल राजकुमार वह लेखपाल रूद्रेश भी मौजूद रहे। परतापुर थाने से पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

सरकारी जमीन पर कब्जों पर शासन सख्त

सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी जमीन पर कब्जे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संदेश के बाद नगरायुक्त ने पूरे महानगर में सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान छेड़ा हुआ है। इसीक्रम में परतापुर के काशी में सरकारी जमीन पर कब्जा कर किए गए अवैध निर्माण को नगर निगम के बुल्डोजर ने जमीनदोज कर दिया। एक दिन पहले सोमवार को भी काशी में की गई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा। वहीं दूसरे और नगरायुक्त के इस अभियान से सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वाले भूमाफिया दशहत में नजर आ रहे हैं। नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर निगम का दस्ता अब तक कई इलाकों में कार्रवाई कर सरकारी जमीन को मुक्त करा चुका है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा।

मची रही अफरा-तफरी

काशी गांव में कुछ लोगों ने सरकारी जमीन को घर पर उस पर ब्लात कब्जा कर लिया। वहां अपने कब्जे को पक्का साबित करने के लिए इन लोगों ने वहां पक्के निर्माण कर लिया। इस पूरी जमीन पर बड़े-बड़े स्ट्रक्चर खड़े कर दिए। फिल्ड स्टाफ की मार्फत जब यह जानकारी नगरायुक्त तक पहुंची तो उन्होंने संबंधित अधिकारी से रिपोर्ट तलब कर ली। रिपोर्ट में सरकारी जमीन पर कब्जे की पुष्टि की साबित होते ही नगरायुक्त ने तत्काल सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए निर्देश दिए साथ ही नगर निगम प्रवर्तन दल को निगम के स्टाफ की सुरक्षा में साथ जाने को कहा। निगम स्टाफ अपने साथ प्रवर्तन दल को लेकर काशी में उस स्थान पर पहुंचा जहां कब्जा किया गया था। वहां चारों ओर से घेराबंदी कर कब्जे वाले भवनों पर जेसीबी लगाकर उन्हें ध्वस्त किया गया। हालांकि इस कार्रवाई की खबर पहले ही काशी गांव में पहुंच गयी थी। जब तक कार्रवाई चलती रही पूरे गांव में निगम के अफसरों के खौफ के चलते अफरा-तफरी मची रही।

पूरे महानगर में अभियान

नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने इन दिनों पूरे महानगर में अभियान चलाया हुआ है। अब तक कई इलाकों में सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया गया है। इसके साथ ही इससे नाले नालियों की सफाई में सबसे ज्यादा सुविधा हुई है। इसी क्रम में निगम के दस्ते अब तक जिन इलाकों में कब्जा मुक्ति अभियान चला चुके हैं। उन्हों गढ़ रोड पर मेडिकल व आनंद हॉस्पिटल इलाका, विश्वविद्यालय इलाका, परतापुर क्षेत्र, दिल्ली रोड, कुटी, कंकरखेड़ा क्षेत्र, वेदव्यासपुरी आदि इलाके शामिल हैं। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि नाले नालियों पर किए गए अवैध कब्जे मुक्त कराने में किसी प्रकार की कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। पूरी सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है।

TAGGED:
Share This Article