सपा की सरकार में केवल एक ही समुदाय को मिलता है लाभ, सपा की सरकार बनी तो छिन जाएंगे घर व गाड़ी
मेरठ। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो आप लोगों के घर और गाड़ियां सभी कुछ छिन जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में केवल एक ही समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं को लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश में रात के समय बाहर निकलना मुश्किल होता था, जबकि आज बहन-बेटियां भी अकेली घरों से निकल सकती हैं।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुजर मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने यहां पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में केवल एक ही समुदाय को योजनाओं का लाभ मिलता था। उन्होंने कहा कि पहले दिन छिपने से पहले ही लोगों को अपने घरों में पहुंचना पड़ता था, क्योंकि लूटपाट और मारपीट का डर बना रहता था। मोदी सरकार में हुआ विकास, अब सभी को मिल रहा सम्मान।
पीएम मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन 12 सालों को पूरा देश विश्वास, विकास और जनकल्याण के रूप में देख रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, आर्थिक रूप से मजबूत किया है और सांस्कृतिक विरासत को भी सुदृढ़ किया है।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, किसान, गरीब, युवा और महिला सहित हर क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे पहले उत्तर प्रदेश में उनके रिश्तेदारों के यहां जाने पर शाम ढलने से पहले पहुंचना पड़ता था, लेकिन अब मोदी और योगी सरकार ने विकास के साथ-साथ सुरक्षा भी मुहैया कराई है, जिससे लोग रात 12 बजे भी सुरक्षित यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था दसवें नंबर से चौथे नंबर पर आ गई है, जिसका एकमात्र कारण मोदी जी का ‘राष्ट्र प्रथमÓ की भावना से काम करना है। गुर्जर ने नक्सलवाद को पलक झपकते ही 31 मार्च को पूरे देश से समाप्त करने का भी जिक्र किया और कहा कि इसी तरह अन्य समस्याओं को भी जड़ से खत्म किया जाएगा।


