तीज पर दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

Shekhar Sharma
2 Min Read

ऋचा सिंह ने काजमाबाद गून गांव में महिलाओं से किया संवाद, सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ मनाया हरियाली तीज उत्सव

मेरठ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के काजमाबाद गून गांव में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें जागरूक करने तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन सिवालखास विधानसभा अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ शिवानी खत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिवऋचा सिंह रहीं। कार्यक्रम में शिवानी खत्री द्वारा हेमलता, निवासी गेज्जा गांव, को विधानसभा उपाध्यक्ष तथा ललिता को विधानसभा महासचिव नियुक्त किए जाने का पत्र जारी किया गया।

महिलाओं को मरियम ने किया जागरूक

इस अवसर पर क्षेत्रीय महासचिव महिला प्रकोष्ठ मरियम शाह जिलानी ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। मुख्य अतिथि ऋचा सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और हर पात्र महिला तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और राष्ट्रीय लोकदल से जुड़कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

तीज का उत्सव मनाया

कार्यक्रम के दौरान हरियाली तीज का उत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए, नृत्य किया और तीज के रंग में जमकर उत्साह दिखाया। इस अवसर पर ज्योति चौधरी को ‘तीज क्वीन’ चुना गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महासचिव प्रोफेशनल मंच रीता वर्मा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सचिव ममता सिंह एवं संगीता सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ संगठन से जुड़ने के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

TAGGED:
Share This Article