राहुल अड़े बैकफुट पर आयी पुलिस

Shekhar Sharma
3 Min Read

जंतर मंतर पर पैलट गन से घायल साहिल लोचन की तहरीर पर FIR कराने पहुंचे राहुल गांधी को पांच घंटे धरने पर बैठना पड़ा

नई दिल्ली। पेपर लीक के खिलाफ जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन के दौरान छात्राें पर पैलट गन का मामला दिल्ली पुलिस के गले की फांस बनता जा रहा है। इस मामले में आरोपियों पर FIR की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सांसद राहुल गांधी ने सांसद मार्ग थाने पर पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहे। उनके धरने की खबर पर वहां कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के तमाम सीनियर लीडर तथा भारी संख्या में लोग जमा हो गए। राहुल गांधी के धरने से सड़क से सत्ता तक हड़कंप मच गया। बाद में दिल्ली पुलिस को ही बैकफुट पर आना पड़ा और साहिल की तहरीर पर मुकदमा लिख लिया गया।

पुलिस अफसरों पर नहीं था जवाब

शुरू में पुलिस का मूड FIR का नजर नहीं आया, लेकिन जब राहुल गांधी अड़ गए और वे DCP से मिले। बातचीत का नतीजा न निकलने पर धरने पर बैठ गए। बोले- जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, हटूंगा नहीं।राहुल ने साहिल को लगे छर्रे दिखाकर कहा था- ‘ये छर्रे सबूत हैं, साहिल के शरीर से निकले हैं। अगर पुलिस ने गन नहीं चलाई तो किसने चलाई।’ राहुल के सवालों पर डीसीपी के पास कोई जवाब नहीं था।

राहुल का मोदी सरकार पर हमला

राहुल के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी मौजूद थे। FIR दर्ज होने के बाद राहुल ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब दिल्ली में इतने घंटे धरना देना पड़ा तो देश के बाकी हिस्सों में छात्रों और रेप पीड़ितों का क्या हाल होगा। राहुल गांधी ने थाने से निकलते समय पैलेट गन मामले में FIR दर्ज करने में हुई देरी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि ऊपर से न्याय में रुकावट डाली जा रही थी। राहुल बोले- यह न्याय की दिशा में पहला कदम है। इस युवक के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। भाजपा ने राहुल के धरने पर कहा कि वे मीडियाजीवी हैं। जंतर-मंतर प्रदर्शन का मामला सुप्रीम कोर्ट में है और जांच कमेटी भी बना दी गई है। भाजपा महासचिव स्मृति ने कहा कि सुरक्षाबलों पर भी हमला हुआ था, उनके लिए राहुल नहीं बोले।

Share This Article