

शंकर आश्रम में भारत सेवा प्रतिष्ठान के कार्यक्रम में हुए शामिल, वंचित क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा अभावग्रस्त के बीच कार्य करता है भारत सेवा प्रतिष्ठान
मेरठ। भारत सेवा प्रतिष्ठान समाज के अभावग्रस्त क्षेत्र में जहां शिक्षा और चिकित्सा सरीखी सेवाओं का आभाव है ऐसे वंचितों के बीच रहकर कार्य कर रहा है। शंकर आश्रम शिवामजी मार्ग पर भारत सेवा प्रतिष्ठान द्वारा मेरठ और हापुड़ जिले में चल रहे विभिन्न सेवा कार्यों की संचालन टोली का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया, जिसमें मुख्य अतिथि मेरठ नगर आयुक्त सौरभ गंगवार रहे । सौरभ गंगवार ने भारत सेवा प्रतिष्ठान के कामों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा ईश्वरी कार्य है। सेवा के कार्य से एक आदर्श देश का निर्माण होता है, निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करने से मन को आत्म संतुष्टी मिलती है, उन्होनें प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं से आग्रह किया कि विद्यार्थीयों को शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कार के वैज्ञानिक महत्व भी बताए।
कार्यों की दी जानकारी
प्रतिष्ठान के मंत्री नरोत्तम गर्ग ने सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे अभावग्रस्त, वंचित क्षेत्र जहां पर शिक्षा, चिकित्सा का अभाव रहता है, वहाँ पर भारत सेवा प्रतिष्ठान द्वारा विभिन्न प्रकार के सेवा कार्य चलाए जाते हैं, वर्तमान में भारत सेवा प्रतिष्ठान के माध्यम से आर्य नगर, सूरजकुंड रोड़ पर होम्योपैथिक चिकित्सालय चलाया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 100 से अधिक रोगियों को दवाई दी जाती है तथा एक फिजियोथैरेपी सेंटर चलाया जाता है जहां पर नित्य प्रति 15 से 20 मरीज न्यूनतम दर पर अपना इलाज करवाते हैं। संघ कार्यालय, ज्योति कुंज, रोहटा रोड, पर इसी प्रकार होम्योपैथिक चिकित्सालय चल रहा है, शिक्षा के क्षेत्र में जागृति विहार, सराय काजी में 2021 से संत रविदास बाल गोकुलम के नाम से निर्धन बच्चों के लिए स्कूल चलाया जाता है, जिसमें आज 180 बच्चे पढ़ रहे हैं। इसी प्रकार दिल्ली रोड पर मुकुट महल के पीछे वीर फतेह सिंह स्कूल जिसमें 250 बच्चे, शताब्दी नगर स्थित माधव कुंज में समाज के निर्धन बच्चो का आवासीय छात्रावास चालाया जाता है जिसमें 50 बच्चे, अब्दुल्लापुर में शिक्षा केंद्र जहां पर 200 बच्चे नि:शुल्क अध्ययन करते है। इसी प्रकार मवाना फलावदा में स्कूल चल रहे हैं, निर्धन बच्चों को पढ़ने के लिए ब्रह्मपुरी पंजाया में पुस्तकालय चल रहा है। शिवाजी मार्ग शंकर आश्रम पर नि:शुल्क कम्प्यूटर शिक्षण केन्द्र चल रहा है। जहाँ पर सैकंडो विद्यार्थी कम्प्यूटर सीखकर विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में नौकरी कर रहे है। । स्वावलम्बन के क्षेत्र में प्रतिष्ठान द्वारा अनेकों स्थानों पर महिलाओं को स्वावलम्बी करने के लिए सिलाई केन्द्र चलाए जाते है जिसमें सरधना में महाऋषि कश्यप सिलाई केंद्र, गंगा नगर में बालासहाब देवरस सिलाई केंद्र चलाए जा रहे है।
प्रशिक्षण वर्ग
महानगर प्रचार प्रमुख संजीव गर्ग ने बताया कि शंकर आश्रम पर आज इन सभी सेवा केन्द्रों की संचालन समिति का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया, जिसमे सभी संचालन समितियों द्वारा किये गए कार्यो का वृत्त, कार्य में आने वाली चुनौतियाँ एवं उनके समाधान भविष्य में उनका विस्तार पर विचार किया गया । प्रशिक्षण वर्ग में भारत सेवा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष चौधरी ब्रह्मपाल सिंह, मंत्री नरोत्तम गर्ग, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मेरठ प्रान्त के सेवा प्रमुख कुलदीप, सह सेवा प्रमुख अशोक, प्रान्त सह व्यवस्था प्रमुख विनय, मेरठ विभाग सह संघचालक विनोद भारतीय, विभाग सेवा प्रमुख अनुज त्यागी उपस्थित रहे।


