एसडी सदर टीम ने डीएवी सदर स्कूल को 6-3 से पराजित कर मुकाबला जीता, दोनों टीमों ने दिखाया अपनी खेल प्रतिभा का हुनर
मेरठ। सनातन इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर चल रहे बालक हॉकी समर लीग प्रतियोगिता के तहत एसडी सदर एवं डीएवी हायर सेकेंडरी स्कूल सदर के बीच सब जूनियर वर्ग का मुकाबला खेला गया। संघर्षपूर्ण 60 मिनट के खेले गए हॉकी मुकाबले में एसडी सदर टीम ने शानदार प्रदर्शन करके डीएवी टीम को 6-3 से हराकर मुकाबला जीत लिया। मैच के शुरुआती समय से ही एसडी सदर टीम ने आक्रमक खेल का रुख अपनाये रखा था। इसी कड़ी में एसडी टीम की ओर से मैच के 10वें मिनट में बिलाल 16 मिनट में अंश त्यागी 22 मिनट में मुस्तफा 34वे मिनट में अनमोल चौहान 42वे मिनट में कृष्ण सैनी 40वे मिनट में नवनीत सैनी ने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल किए, जबकि डीएवी सदर टीम की ओर से अक्षित चौहान, आरव सिवाल, आदित्य ने अपनी टीम के लिए गोल दागे।
मैच के निर्णायक
मैच के निर्णायक आकाश चौहान व राघव प्रजापति रहे। मैच के दौरान प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग व हॉकी कोच जोगिंदर सिंह ने विजेता टीम को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया। प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने बताया 3 व 4 जून को विद्यालय में पेपर होने के कारण हॉकी लीग प्रतियोगिता का फाइनल मैच व पुरस्कार वितरण 5 जून को होगा।।


